जलपाईगुड़ी : राजगंज ब्लॉक के साहेबबाड़ी इलाके के एक घर से लगभग 18 फुट लम्बा एवं 40 किलो वजनी अजगर बरामद किया गया. रविवार की शाम बेलाकोबा रेंज के रेंजर संजय दत्त खबर पाकर वनकर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. घर के पास पुआल के ढेर में छुपा बैठा अजगर को बरामद किया गया.
वह कई दिनों से इलाके में छिपकर लोगों के हंस व मुर्गियां का शिकार कर रहा था. ग्रामीणों के अनुरोध पर रेंजर अजगर को गले में लपेटकर कुछ दूरी तक चले व सेल्फी लेने लगे. इससे फिर एक समस्या उत्पन्न हो गयी. अजगर रेंजर के गले में अपनी पकड़ कसने लगा. इससे रेंजर की सांस रुकने लगी. फिर किसी तरह से गले से अलग किया गया. रेंजर ने बताया कि उसे बैकुंठपुर जंगल में छोड़ दिया जायेगा.
