नागराकाटा : आगामी पंचायत चुनाव के मद्देनजर रविवार को सीपीएम समर्थित चाय श्रमिक संगठन, चाय बागान मजदूर यूनियन की जलपाईगुड़ी जिला की एक सभा चालसा स्थित एक गैरसरकारी भवन में हुई. सभा में आगामी पंचायत चुनाव के साथ चाय बागानों के श्रमिकों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई.
चाय श्रमिकों की बकाया मजदूरी, राशन, पीएफ सहित अन्य जरूरी विषयों को लेकर घर-घर जाकर इसका प्रचार करने का निर्देश पार्टी कार्यकर्ताओं को दिया गया. न्यूनतम मजदूरी पर सरकार के रुख के प्रति सभी जागरूक करने को कहा गया. सभा में चाय बागान मजदूर यूनियन के जलपाईगुड़ी जिला कमेटी सचिव जियाउल आलम ने कहा कि राज्य सरकार चाय श्रमिकों को न्यूनतम मजदूरी प्रदान नहीं कर रही है. श्रमिक प्रतिदिन कष्ट में हैं, लेकिन यह सरकार इन गरीब श्रमिकों के बारे कुछ नहीं सोच रही. इस पंचायत चुनाव के लिए सभी चाय श्रमिकों को एकजुट करने का आह्वान किया गया. सभा में संगठन के जिला सभापति सुकमाइत उरांव, दिल कुमार उरांव सहित विभिन्न क्षेत्र के पंचायत चुनाव प्रत्याशी उपस्थित थे.
