मालदा : रंगदारी नहीं देने पर फिर एक बार ट्रक चालक पर हमला किया गया. गुरुवार रात यह घटना महदीपुर सीमांत पर घटी है. ट्रक रोककर बदमाशों ने ट्रक चालक से रंगदारी वसूलने की कोशिश की. मना करने पर बदमाशों ने ट्रक चालक की बेधड़क पिटाई की. वर्तमान में उसका मालदा मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है. उसकी दाहिनी आंख में गंभीर चोट लगी है.
पुलिस सूत्रों से पता चला है कि पीड़ित ट्रक ड्राइवर का नाम जहरुल हुसैन (30) है. वह मुर्शिदाबाद के बहरमपुर इलाके का निवासी है. चालक अपने ट्रक में प्याज लादकर बांग्लादेश में निर्यात करने जा रहा था.
उस समय महदीपुर सीमांत के रंगदारों ने उससे रुपये मांगे. इंकार करने पर उसकी आंख में लाठी घुसा दी गयी. इसके बाद उसकी बेधड़क पिटाई की गयी. उसकी आंख में गहरी चोट है.
घटना के बाद बदमाश इलाके से भाग गये. घायल चालक को अन्य ट्रक चालकों ने मालदा मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती करवाया. इंगलिशबाजार थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
