सिलीगुड़ी. पहाड़ पर जारी गोरखालैंड आंदोलन के बीच एक गोरखा सैनिक का वीडियो वायरल होने से प्रशासन के कान खड़े हो गये हैं. इस प्रकार के किसी भी वीडियो अथवा दार्जीलिंग में हिंसा पर सोशल मीडिया पर की गयी टिप्पणी आदि को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने पहले ही कई कदम उठाये हैं. पिछले 48 घंटे से दार्जीलिंग में इंटरनेट सेवा बाधित है. इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है.
बस में बनाया गया है वीडियो
इसी बीच, एक गोरखा सैनिक का वीडियो वायरल हुआ है. हालांकि इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं की जा सकी है. लेकिन वीडियो एक बस में बनाया गया लगता है. उस बस में कई गोरखा सैनिक सवार हैं. इसी दौरान, ‘जय गोरखालैंड’ के नारे लगते हैं. वीडियो में दिखाया गया है कि एक गोरखा सैनिक बस में खड़ा होता है और अलग गोरखालैंड राज्य की मांग करता है. उसका कहना है कि दार्जीलिंग पहाड़ के गोरखा अपना हक मांग रहे हैं. उनको अलग राज्य मिलना ही चाहिए.
उसमें सैनिक आगे कह रहा है कि भारतीय सेना के गोरखा रेजीमेंट में करीब 10 हजार जवान हैं. यदि गोरखालैंड राज्य बनाने की मांग नहीं पूरी की गयी, तो सभी गोरखा सैनिक इस्तीफा दे देंगे. वीडियो में दार्जीलिंग में अलग राज्य के लिए आंदोलन कर रहे लोगों पर पुलिस फायरिंग की भी निंदा की गयी है. उसमें गोरखा सैनिक कह रहा है कि आखिर अपना हक मांग रहे लोगों पर क्यों फायरिंग की गयी. वीडियो में सैनिक ने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा है.
