हंगामा: जबरन दफ्तर बंद करवाने की कोशिश, सुकना ग्राम पंचायत पर मोरचा का हल्लाबोल
सिलीगुड़ी: भाषा विवाद और अलग राज्य गोरखालैंड की मांग को लेकर दार्जीलिंग पार्वत्य क्षेत्र में ममता सरकार और गोरखा जनमुक्ति मोरचा (गोजमुमो) के बीच ठनी तकरार और पहाड़ पर लगी आग की चिनगारी सुलगती हुई सोमवार को सिलीगुड़ी के निकट सुकना तक पहुंच गयी. सरकार के विरुद्ध गोजमुमो द्वारा सोमवार से पहाड़ पर केंद्रीय व […]
सिलीगुड़ी: भाषा विवाद और अलग राज्य गोरखालैंड की मांग को लेकर दार्जीलिंग पार्वत्य क्षेत्र में ममता सरकार और गोरखा जनमुक्ति मोरचा (गोजमुमो) के बीच ठनी तकरार और पहाड़ पर लगी आग की चिनगारी सुलगती हुई सोमवार को सिलीगुड़ी के निकट सुकना तक पहुंच गयी.
सरकार के विरुद्ध गोजमुमो द्वारा सोमवार से पहाड़ पर केंद्रीय व राज्य सरकार के दफ्तरों के बंद किये जाने के आंदोलन के तहत सुकना में भी मोरचा समर्थक एक हुए और सुकना ग्राम पंचायत के दफ्तर पर हल्ला बोल दिया. दफ्तर को जबरन बंद करवाने की कोशिश की गयी. दफ्तर के सामने पहले से मौजूद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के इरादों पर पानी फेर दिया और दफ्तर को बंद कराने की कोशिश को नाकाम कर दिया.
मोरचा समर्थकों ने जब दफ्तर पर धावा बोला तब पंचायत कैंपस का माहौल गरमा गया. पहले से तैनात भारी पुलिस बल ने स्थिति को संभाला और मोरचा समर्थकों को कैंपस से बाहर कर दिया. वहीं, सुकना बाजार में स्थिति सामान्य रही. दुकान-प्रतिष्ठान दिनभर खुले रहे.