जय महेश के लगे जयकारे
शाम को भी कई कार्यक्रमों का आयोजन
मेधावी बच्चों का हुआ सम्मान
सिलीगुड़ी : माहेश्वरी समाज की ओर से रविवार को सिलीगुड़ी में महेश नवमी महोत्सव बड़े धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. इस अवसर पर कई आयोजन हुए जिसमें समाज के लोगों ने भाग लिया. महेश नवमी महोत्सव 2017 की शुरूआत सुबह शोभायात्रा के साथ हुई.
भव्य एवं सुसज्जित शोभायात्रा का शुभारंभ अग्रसेन रोड स्थित माहेश्वरी भवन से हुआ.शोभायात्रा झंकार मोड़, एमआर रोड, डॉ कालीनाथ रोड, नया बाजार, नेहरू रोड, स्टेशन फीडर रोड होते हुए माहेश्वरी सेवा सदन के प्रांगण में समाप्त हुई. शोभायात्रा में गाजे-बाजे के साथ शंखध्वनि पूरे वातावरण को मंगलमय कर रही थी. केशरिया रंग की परिधान महिलाएं पहनी थी एवं हाथों में भगवान ध्वज लेकर जय महेश का जयघोष कर रही थीं.
मनमोहक झांकियों को देखने के लिए जगह-जगह पर लोगों का जमावड़ा लगा हुआ था. इसके अलावा उत्तरबंग माहेश्वरी कॉलेज के स्वरूप की भी झांकी निकली थी. शोभायात्रा के बाद माहेश्वरी सेवा सदन के हॉल में बच्चों की चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया.यहां बच्चों ने कैनवास पर रंग उकेरे और अपनी प्रतिभा का परिचय दिया. समाज के लोगों के लिए आयोजित लूडो प्रतियोगिता का भी जबरदस्त आनंद सभी ने लिया.
इस अवसर पर रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया. कार्यक्रम के दूसरे चरण में शाम को मुख्य आयोजन हुआ. कार्यक्रम का शुभारंभ माहेश्वरी सभा सिलीगुड़ी, माहेश्वरी महिला मंडल, माहेश्वरी युवा संस्था एवं उत्तर बंगाल माहेश्वरी सेवा ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने किया.
सामूहिक महेश वंदना हुई और सभी ने उसमें भाग लिया. इस अवसर पर पदाधिकारियों ने सभी समाज बंधुओं को अपनी शुभकामनाएं प्रदान की. इसके अलावा समाज के मेधावी बच्चों को सम्मानित किया गया. इस वर्ष 10वीं एवं 12वीं के विभिन्न बोर्ड की परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले समाज के बच्चों का अभिनंदन किया गया. बच्चों का उत्साह देखने लायक था. भजनों का रंगारंग कार्यक्रम भी हुआ.
आमंत्रित गायक कलाकार इलाहाबाद के विक्रम अजूबा एवं टीम ने भजनों की प्रस्तुति कर सभी को भक्तिमय वातावरण में डूबो दिया कार्यक्रम का समापन सामूहिक सहभोज के साथ हुआ. कार्यक्रम के आयोजन में माहेश्वरी सभा सिलीगुड़ी, माहेश्वरी महिला मंडल, माहेश्वरी युवा संस्था एवं उत्तर बंगाल माहेश्वरी सेवा ट्रस्ट के सभी सदस्यों का सक्रिय योगदान रहा. आयोजन को सफल बनाने में पूरी टीम सक्रिय रही.
