लाक्षागृह की तरह थे गोदाम, नहीं थी बुनियादी सुरक्षा

महानगर से सटे आनंदपुर के नाजिराबाद रोड स्थित मोमो कंपनी की फैक्टरी और गोदाम में सोमवार को लगी भीषण आग में आठ लोगों की मौत हो गयी, जबकि कई लोग लापता हैं.

आनंदपुर अग्निकांड. घटनास्थल पर पहुंच दमकल मंत्री सुजीत बोस ने लिया हालात का जायजा, कहा- दोषी होने पर फैक्टरी प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई

संवाददाता, कोलकाता

महानगर से सटे आनंदपुर के नाजिराबाद रोड स्थित मोमो कंपनी की फैक्टरी और गोदाम में सोमवार को लगी भीषण आग में आठ लोगों की मौत हो गयी, जबकि कई लोग लापता हैं. आग ने मंगलवार तक विकराल रूप ले लिया था, जिसे बुझाने के लिए दमकल विभाग के कर्मचारी लगातार संघर्ष करते रहे. घटना के एक दिन बाद दमकल मंत्री सुजीत बोस घटनास्थल पर पहुंचे और वहां की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की. मंत्री ने पत्रकारों से कहा : ये गोदाम लाक्षागृह के समान थे. यहां बुनियादी सुरक्षा व्यवस्था का अभाव था. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आग बुझाने की कोई व्यवस्था नहीं थी. उन्होंने यह भी कहा : हमें यह देखना होगा कि क्या यहां अग्नि सुरक्षा का ऑडिट किया गया था. फॉरेंसिक टीम इस मामले की गहन जांच करेगी.मंत्री ने कहा कि इस इलाके में फैक्टरी और गोदाम लगभग 35,000 वर्गफीट में फैले हुए थे और यहां पर पर्याप्त अग्नि सुरक्षा प्रणाली का अभाव था. गोदामों में फायर ऑडिट हुआ था या नहीं, इसकी जांच की जायेगी. अगर फैक्टरी प्रबंधन दोषी पाया गया, तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी. इधर, दमकल विभाग के महानिदेशक रणवीर कुमार ने बताया कि इन गोदामों को विभाग से मंजूरी नहीं मिली थी और यह स्पष्ट रूप से नियमों का उल्लंघन है.

अग्निकांड का जायजा लेने पहुंंचे भाजपा विधायक, लगे गो बैक के नारे: आनंदपुर के नाजिराबाद में सोमवार तड़के एक वेयरहाउस में भीषण आग लग गयी. हादसे को लेकर राजनीति भी शुरू हो गयी है. भाजपा विधायक व पूर्व क्रिकेटर अशोक डिंडा भी घटनास्थल पहुंचे. उन्होंने मुआवजे पर नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को सिर्फ कुछ लाख रुपये का मुआवजा देने से नहीं होगा. राज्य सरकार को परिवार की जिम्मेदारी लेनी होगी. उन्होंने कहा कि सीएम ममता बनर्जी को सभी प्रभावित परिवारों के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी देनी चाहिए. वहीं, भाजपा विधायक के वहां पहुंचने के बाद तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों ने गो-बैक के नारे लगाये.

दमकल मंत्री ने देर से पहुंचने पर दी सफाई

कोलकाता. आनंदपुर में हुए भीषण अग्निकांड के एक दिन बाद मंगलवार को घटनास्थल पर देर से पहुंचने को लेकर सवाल उठने पर राज्य के दमकल विभाग के मंत्री सुजीत बोस ने सफाई दी. उन्होंने कहा कि आग लगने की सूचना उन्हें सोमवार तड़के कंट्रोल रूम से मिली थी और इसके बाद से ही वह घर से पूरे ऑपरेशन की निगरानी कर रहे थे. मंत्री ने कहा : मैं पहले गया या बाद में, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता. मेरे अधिकारी वहां मौजूद थे और मैं शुरू से अब तक इस घटना से जुड़ा रहा हूं. बाद में मैं खुद भी घटनास्थल पर गया और स्थिति का जायजा लिया.आनंदपुर अग्निकांड ने प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किये हैं और निजी गोदाम व कारखानों में सुरक्षा मानकों के पालन की वास्तविक स्थिति को भी उजागर किया है. अब सबकी नजरें जांच के नतीजों और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं.

बिना अनुमति के चल रहे थे गोदाम : डीजीकोलकाता. आनंदपुर में मोमो फैक्टरी, उसके गोदाम और एक डेकोरेटर कंपनी के गोदाम में लगी भीषण आग में कई लोगों की जान चली गयी. मंगलवार को दमकल विभाग के महानिदेशक रणवीर कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि संबंधित गोदामों के पास दमकल विभाग की कोई वैध अनुमति या फायर सेफ्टी क्लीयरेंस नहीं थी, इसके बावजूद वहां काम किया जा रहा था. उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट रूप से नियमों का उल्लंघन है. रणवीर कुमार ने बताया कि इस बात की जांच की जा रही है कि बिना किसी अनुमोदन के फैक्टरी और गोदाम लंबे समय तक कैसे संचालित होते रहे. साथ ही विभागीय स्तर पर किसी तरह की चूक हुई है या नहीं, इसकी भी जांच की जायेगी. उन्होंने कहा कि कानून के तहत सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन किया जायेगा और दोषी पाये जाने पर कार्रवाई होगी.

आनंदपुर अग्निकांड के बाद हरकत में प्रशासन

कोलकाता. आनंदपुर में हुए भीषण अग्निकांड को लेकर प्रशासन हरकत में आ गया है. राज्य के दमकल विभाग के मंत्री सुजीत बोस ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि इस अग्निकांड में किसी भी तरह की लापरवाही पाये जाने पर दोषियों को बख्शा नहीं जायेगा. उन्होंने बताया कि आनंदपुर इलाके में स्थित सभी वेयरहाउस की तत्काल जांच के लिए एक विशेष ऑडिट टीम गठित करने के निर्देश दिये गये हैं. ऑडिट के दौरान यदि किसी भी वेयरहाउस में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित पक्षों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी . अधिकारियों के अनुसार, सोमवार तड़के करीब तीन बजे आग लगी थी और 24 घंटे बीत जाने के बाद भी उस पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका. एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार रात से कुछ और जले हुए शव और कंकाल के अवशेष बरामद किये गये हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >