पानागढ़ से मुकेश तिवारी की रिपोर्ट
बुदबुद थाना क्षेत्र के मानकर ग्रामीण अस्पताल में इलाज के दौरान 50 वर्षीय मरीज उदन बाउड़ी की मौत के बाद चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए मृतक के परिजनों ने अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ की. घटना शनिवार मध्यरात्रि की बताई जा रही है. अस्पताल के चिकित्सक डॉक्टर सप्तश्री कोनार के अनुसार, मरीज नशे की हालत में पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल आया था. चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने उसकी चिकित्सा की थी. हालांकि, मरीज की मौत के बाद परिजनों ने सवाल उठाया कि मरीज को अस्पताल से क्यों छोड़ दिया गया.
कई जरूरी सामानों में तोड़फोड़
इस घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया. आरोप है कि हंगामे के दौरान मृतक के परिजनों ने अस्पताल के दरवाजे, बेड, दवाइयों और कई जरूरी सामानों में तोड़फोड़ की. स्वास्थ्यकर्मियों के साथ भी कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया. घटना की सूचना मिलने के बाद बुदबुद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. अस्पताल के चिकित्सक ने बताया कि घटना के बाद चिकित्सक, नर्स और अन्य स्वास्थ्यकर्मी भय के माहौल में काम करने को मजबूर हैं.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
अस्पताल परिसर में धरना
रविवार सुबह से चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने अपनी सुरक्षा की मांग को लेकर अस्पताल परिसर में धरना शुरू कर दिया. स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि सुरक्षा के अभाव में काम करना मुश्किल हो गया है. फिलहाल इमरजेंसी सेवा को छोड़कर अस्पताल की अन्य सेवाएं बंद रखी गई हैं.मरीज की मौत चिकित्सकीय लापरवाही के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
