कोलकाता. दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर स्थित एक नशामुक्ति केंद्र में एक युवक की संदिग्ध हालात में हुई मौत को लेकर वहां जमकर हंगामा हुआ. वहां तोड़फोड़ भी की गयी. मृतक के परिजनों का आरोप है कि युवक की पीट कर हत्या की गयी है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. किसी तरह से हालात को काबू में किया गया. घटना के बाद से नशामुक्ति केंद्र का मालिक फरार है. मृतक की शिनाख्त सौरभ मंडल के रूप में हुई है. वह दक्षिण गरिया इलाके का निवासी था. कुछ महीनों पहले ही उसे नशामुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था. सूत्रों के अनुसार, परिजनों को पता चला कि शुक्रवार सुबह से उसकी शारीरिक हालत ठीक नहीं है. शाम को उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गयी. युवक के परिजनों का आरोप है कि पिटाई के कारण उसकी मौत हुई है.
इसके बाद रात में ही मृतक के परिजन व अन्य लोग नशामुक्ति केंद्र पहुंचे, जहां जमकर तोड़फोड़ की गयी. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
