TMC vs BJP on Rajya Sabha Chunav: पश्चिम बंगाल में राज्यसभा की 5 सीटों के लिए होने वाले चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच नया विवाद खड़ा हो गया है. तृणमूल कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर भाजपा उम्मीदवार राहुल सिन्हा के नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाया है.
तृणमूल कांग्रेस का दावा
सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस का दावा है कि राहुल सिन्हा के चुनावी हलफनामे में वित्तीय घोषणाओं, संपत्तियों, वाहनों, देनदारियों और निवेश से जुड़ी जानकारी में विसंगतियां हैं. पार्टी का आरोप है कि इन तथ्यों को नामांकन की जांच के दौरान निर्वाचन अधिकारी ने नजरअंदाज कर दिया.
तृणमूल ने निर्वाचन आयोग से की हस्तक्षेप की मांग
तृणमूल कांग्रेस की ओर से यह शिकायत राज्य सरकार के मंत्री और वरिष्ठ नेता अरूप विश्वास ने दर्ज करायी है. उन्होंने कहा है कि उनकी पार्टी ने जांच प्रक्रिया के दौरान ही नामांकन पत्रों में कथित विसंगतियों की ओर ध्यान दिलाया था.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
अरूप का आरोप- आपत्तियों को नहीं लिया गंभीरता से
अरूप विश्वास के अनुसार, पार्टी की आपत्तियों को गंभीरता से नहीं लिया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि जांच प्रक्रिया लगभग पूरी होने के बाद 6 मार्च को एक संशोधित शपथपत्र जमा किया गया, जिसे न तो पहले सत्यापन के लिए उपलब्ध कराया गया और न ही सार्वजनिक मंच पर अपलोड किया गया.
संशोधित हलफनामा ‘पिछले दरवाजे से सुधार’ जैसा – अरूप
तृणमूल कांग्रेस के नेता अरूप विश्वास का कहना है कि इस तरह बाद में संशोधित हलफनामा जमा करना जानकारी में ‘पिछले दरवाजे से सुधार’ करने जैसा है. उन्होंने इसे सुप्रीम कोर्ट के उस निर्देश की भावना के खिलाफ बताया, जिसमें उम्मीदवारों के बारे में पूरी और पारदर्शी जानकारी सार्वजनिक करने की बात कही गयी है.
इसे भी पढ़ें : राहुल सिन्हा का ममता बनर्जी पर हमला, टीएमसी के 4 राज्यसभा उम्मीदवारों में 50 प्रतिशत बंगाली नहीं
भाजपा ने आरोपों को बताया राजनीतिक चाल
भाजपा उम्मीदवार राहुल सिन्हा ने तृणमूल कांग्रेस के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है. उन्होंने कहा कि नामांकन दाखिल करते समय सभी जरूरी दस्तावेज सही तरीके से जमा किये गये हैं.
इसे भी पढ़ें : BJP कार्यकर्ताओं को नहीं भूलती, बंगाल से राज्यसभा का टिकट मिलने पर बोले राहुल सिन्हा
राहुल सिन्हा ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस झूठे और निराधार बहाने बनाकर उनकी उम्मीदवारी रद्द कराने की कोशिश कर रही थी, लेकिन निर्वाचन अधिकारी ने इन आपत्तियों को खारिज कर दिया.
राज्यसभा चुनाव का गणित
पश्चिम बंगाल में राज्यसभा की 5 सीटों के लिए 16 मार्च 2026 को द्विवार्षिक चुनाव होना है. नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 मार्च थी. 6 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच की गयी.
इसे भी पढ़ें : कौन हैं राहुल सिन्हा, जिन्हें भाजपा ने बंगाल से दिया राज्यसभा का टिकट
सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने इस चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री रह चुके बाबुल सुप्रियो, पूर्व डीजीपी राजीव कुमार, वकील एवं सामाजिक कार्यकर्ता मेनका गुरुस्वामी और अभिनेत्री कोयल मल्लिक को उम्मीदवार बनाया है. वहीं, भाजपा ने एक सीट पर पार्टी की राज्य इकाई के पूर्व अध्यक्ष राहुल सिन्हा को मैदान में उतारा है.
पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा में तृणमूल कांग्रेस के पास पर्याप्त संख्या है, जिससे वह 5 में से 4 सीट आसानी से जीत सकती है. भाजपा के पास एक सीट जीतने के लिए जरूरी संख्या बल मौजूद है.
चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज
राज्यसभा चुनाव से पहले नामांकन प्रक्रिया को लेकर उठे इस विवाद ने बंगाल की राजनीति में नया मोड़ ला दिया है. हालांकि, अंतिम फैसला निर्वाचन आयोग के स्तर पर ही होगा, लेकिन इससे दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज हो गया है.
इसे भी पढ़ें
राहुल सिन्हा के लिए खुशियां लेकर आयी 2026 की होली, भाजपा ने बंगाल से दिया राज्यसभा का टिकट
राज्यसभा चुनाव 2026: TMC की LGBTQ प्रत्याशी मेनका की हैं ये प्राथमिकताएं
पश्चिम बंगाल से चुने जायेंगे 5 राज्यसभा सदस्य, 16 मार्च को होगी वोटिंग
LGBTQ समुदाय की पहली राज्यसभा सदस्य बनेंगी मेनका गुरुस्वामी, बंगाल से टीएमसी के ये हैं 4 उम्मीदवार
