हल्दिया. तमलुक थाना क्षेत्र के कुमारगंज इलाके में 116बी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसे में एक ही परिवार के दो सदस्यों समेत तीन लोगों की मौत हो गयी, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी. घटना शनिवार सुबह की है. मृतकों की पहचान सुदीप माइति, देवाशीष दास और कमला पाल के तौर पर हुई है. घायल महिला का नाम ममता दास है, जिसका इलाज ताम्रलिप्त मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में चल रहा है. देवाशीष दास, घटना में घायल ममता दास का पति है, जिसका घर महिषादल के गोपालपुर गांव में है. शनिवार सुबह देवाशीष अपनी पत्नी के साथ चंडीपुर इलाके में रहने वाली अपनी बुजुर्ग सास कमला पाल को इलाज के लिए कोलकाता ले जा रहे थे. वे सभी मारुति वैन से कोलकाता जा रहे थे.
गाड़ी सुदीप माइति चला रहे थे. सुदीप नंदीग्राम के दक्षिण खोदामबाड़ी इलाके के निवासी थे. सुबह करीब साढ़े छह बजे नीमतौड़ी के पास कुमारगंज इलाके में मारुति वैन का एक पिछला टायर पंचर हो गया और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े गैस टैंकर से जा टकराया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मारुति वैन में सवार सभी लोगों को बाहर निकालकर ताम्रलिप्त मेडिकल कॉलेज व अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सुदीप, देवाशीष और कमला को मृत करार दिया. ममता की हालत गंभीर बनी हुई है. तमलुक थाना के आइसी सुभाष चंद्र घोष ने कहा कि पुलिस ने टैंकर जब्त कर लिया है. घटना के बाद से ही टैंकर चालक फरार है, जिसकी तलाश जारी है. आशंका जतायी जा रही है कि मारुति वैन व्यवहार योग्य नहीं था. इसके बावजूद वाहन तेज गति से चलाया जा रहा था.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
