कोलकाता.
पश्चिम बंगाल से बड़ी संख्या में महिलाओं की शिकायतें मिलने के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग ने सोमवार को कोलकाता में जन सुनवाई का आयोजन किया. जनसुनवाई में विभिन्न जिलों से आई महिलाओं ने अपनी समस्याएं आयोग के सामने रखीं. इस दौरान आरजी कर अस्पताल मामले की पीड़िता के पिता भी शिकायत लेकर पहुंचे. राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य डॉ अर्चना मजूमदार ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में शिकायतों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है. उन्होंने कहा, ””पिछले साल जुलाई में हमें 148 शिकायतें मिली थीं. मात्र छह महीनों में शिकायतों में भारी उछाल आया है, इसलिए हमें यहां आकर जन सुनवाई करनी पड़ी. अब तक 117 मामलों का निपटारा किया जा चुका है और 43 मामलों की सुनवाई होने वाली है. विभिन्न प्रकार की शिकायतें मिली हैं और सभी का समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है.””इसी बीच, आरजी कर मामले की पीड़िता के पिता भी जनसुनवाई में उपस्थित हुए. उन्होंने कहा, ””मेरी कुछ शिकायतें हैं, जिन्हें लेकर यहां आया हूं. मैं जानना चाहता हूं कि एक पुलिस अधिकारी ने मेरी पत्नी को जो मारा था, उस पर क्या कार्रवाई हुई? हम कोलकाता पुलिस से बात भी नहीं कर सकते, क्योंकि वे अदालत में उपस्थित नहीं होते. पुलिस सिर्फ यह कहती है कि मामला सीबीआई के पास है और वे कुछ नहीं कर सकते.”” महिला आयोग ने पीड़ितों की शिकायतें सुनकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
