Suvendu Adhikari Launches Cleanliness Drive: पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद अब कोलकाता के गंगा घाटों की सूरत बदलने की कवायद युद्ध स्तर पर शुरू हो गयी है. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) ने बुधवार को उत्तर कोलकाता के बागबाजार इलाके में ऐतिहासिक हुगली (गंगा) नदी घाट पर अपने हाथों से स्वच्छता अभियान की शुरुआत की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि अब बंगाल में केंद्र की ‘नमामि गंगे’ परियोजना को पूरी ताकत के साथ धरातल पर उतारा जायेगा.
‘मायेर घाट’ पर पूजा-अर्चना के बाद खुद चलाया झाड़ू
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने इस विशेष अभियान की शुरुआत रामकृष्ण परमहंस की धर्मपत्नी मां शारदा देवी की स्मृतियों से जुड़े ऐतिहासिक ‘मायेर घाट’ (Mayer Ghat) से की. मुख्यमंत्री ने वहां पवित्र मंदिर में शीश झुकाया, विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और उसके बाद खुद झाड़ू उठाकर घाट की सीढ़ियों को साफ करना शुरू किया. इस दौरान उनके साथ राज्य की कद्दावर महिला नेता और मंत्री अग्निमित्रा पॉल, वरिष्ठ नेता तापस रॉय सहित कोलकाता नगर निगम (KMC) के तमाम आला अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहा.
नमामि गंगे का असली काम अब होगा : मुख्यमंत्री
घाट पर मौजूद जनसमुदाय और मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपनी सरकार का मूल मंत्र बताया. उन्होंने कहा कि स्वच्छता, चहुंमुखी विकास, सुदृढ़ कानून व्यवस्था और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन ही हमारी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकताएं हैं.
इसे भी पढे़ं : बीएसएफ की पहल : गंगोत्री से गंगासागर तक राफ्टिंग अभियान
गंगा की निर्मलता का सीएम ने लिया संकल्प
नमामि गंगे (Namami Gange) परियोजना का जिक्र करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा- इस एकीकृत संरक्षण मिशन के तहत बंगाल में काम ठीक से किया जाना चाहिए था. पहले की सरकार ने इसे पूरी तरह नजरअंदाज किया, लेकिन हम इसे पूरी निष्ठा से करके दिखायेंगे. हुगली नदी गंगा की मुख्य सहायक नदी है और इसे हर हाल में स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त रखा जायेगा.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
Suvendu Adhikari Launches Cleanliness Drive: 21 जून को होगा पीएम मोदी का भव्य स्वागत
इस पूरी राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल के पीछे 21 जून को होने वाला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day 2026) है. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए विशेष रूप से कोलकाता आ रहे हैं. राज्य सरकार और कोलकाता नगर निगम (केएमसी) मिलकर पीएम मोदी का गर्मजोशी से स्वागत करेगा. इस महा-उत्सव और स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए कोलकाता नगर निगम के लगभग 20,000 कर्मचारी पूरे शहर में दिन-रात मोर्चा संभाल रहे हैं.
स्वच्छ ऐप और मैराथन से जन-जागरूकता
कोलकाता नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, शहर को चमकाने के लिए हाल ही में डिजिटल तकनीक का सहारा लेते हुए स्वच्छ ऐप (Swachh App) भी लांच किया गया है. 21 जून से पहले कोलकाता के अलग-अलग इलाकों में केवल सफाई ही नहीं होगी, बल्कि स्वास्थ्य जागरूकता और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए मैराथन दौड़ और स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेष जागरूकता गतिविधियों का भी आयोजन किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें
नमामि गंगे परियोजना के क्रियान्वयन के लिए नहीं मिला एक-तिहाई हिस्सा
