संवाददाता, कोलकाता
मेदिनीपुर महिला थाने में एसएफआअ और डीएसओ नेता सुचरिता दास और सुश्रिता सोरेन को शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने के मामले में कलकत्ता हाइकोर्ट ने एसआइटी के गठन का निर्देश दिया है. मंगलवार को इस मामले की सुनवाई करते हुए न्यायाधीश तीर्थंकर घोष ने इन दोनों मामलों में सीनियर आइपीएस अधिकारी मुरलीधर शर्मा के नेतृत्व में एसआइटी गठन करने का फैसला सुनाया.
कोर्ट ने कहा कि मुरलीधर शर्मा तय करेंगे कि इस विशेष जांच टीम के सदस्य कौन- कौन होंगे. न्यायाधीश ने कहा कि अब से इन मामलों की सुनवाई मेदिनीपुर विशेष मानवाधिकार न्यायालय में होगी. कोर्ट ने कहा कि महिला थाने में दोनों महिला नेताओं के साथ मारपीट करने के साक्ष्य मिले हैं. सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा गया है. कुहेली दास नामक महिला कांस्टेबल ने सुचरिता के बाल पकड़कर धक्का दिया था. न्यायाधीश ने कहा कि इस मामले में संबंधित डीएसपी द्वारा दी गयी रिपोर्ट बिल्कुल विश्वसनीय नहीं है. कोर्ट ने कहा कि आरोपी पुलिसवालों के खिलाफ कार्रवाई के मामले पर हाईकोर्ट बाद में विचार करेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
