सागरिका बोलीं, बंगाल विरोधी है भाजपा

राज्यसभा में तृणमूल की उपनेता ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में भाजपा को बंगाल विरोधी कहा.

कोलकाता/नयी दिल्ली. तृणमूल कांग्रेस की सांसद सागरिका घोष ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को ‘बंगाल विरोधी’ करार देते हुए बुधवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल से भाजपा का कोई भी सांसद संसद के केंद्रीय कक्ष में नहीं पहुंचा, जहां देशबंधु चित्तरंजन दास की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए एक समारोह आयोजित किया गया था. राज्यसभा में तृणमूल की उपनेता ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में भाजपा को बंगाल विरोधी कहा. श्री घोष ने कहा, ‘बंगाल में वोट पाने के लिए बेताब भाजपा से सवाल : बुधवार सुबह संसद में देशबंधु चित्तरंजन दास के पुष्पांजलि समारोह में पश्चिम बंगाल से भाजपा सांसद अनुपस्थित क्यों थे?’ उन्होंने आगे कहा, ‘‘भाजपा का बंगाल के प्रति निंदनीय तिरस्कार फिर से सामने आया. तृणमूल हमेशा बंगाल के महान लोगों का सम्मान करेगी और सदैव याद करती रहेगी.’’ एक अन्य पोस्ट में घोष ने चित्तरंजन दास की सराहना बंगाल के प्रतीक, प्रतिभाशाली वकील और स्वतंत्रता संग्राम के नायक के रूप में की. लोकसभा सचिवालय ने एक बयान में कहा कि बुधवार को संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में दास के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गयी. कई सांसदों, पूर्व सांसदों, लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह और लोकसभा एवं राज्यसभा सचिवालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने दास को श्रद्धांजलि अर्पित की. देशबंधु के नाम से प्रसिद्ध चित्तरंजन दास एक स्वतंत्रता सेनानी, राजनीतिक कार्यकर्ता, वकील और सुभाष चंद्र बोस के गुरु थे. वह भारत में ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन के दौरान अविभाजित बंगाल में स्वराज पार्टी के संस्थापक नेता थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AKHILESH KUMAR SINGH

AKHILESH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >