पीएम आज कोलकाता-आइजोल ट्रेन को दिखायेंगे हरी झंडी

प्रधानमंत्री 13 सितंबर को ही मणिपुर के चुराचांदपुर में 7,300 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे.

प्रधानमंत्री मिजोरम में बइरबी-सायरंग रेललाइन का करेंगे उद्घाटन, मणिपुर, असम, बंगाल व बिहार भी जायेंगे

कोलकाता/नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 से 15 सितंबर तक पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के पांच राज्यों- मिजोरम, मणिपुर, असम, पश्चिम बंगाल और बिहार का दौरा करेंगे. इस दौरान वह 90,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे, जिनमें बुनियादी ढांचा, रेल, सड़क, ऊर्जा और औद्योगिक विकास से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं. पीएम मोदी 13 सितंबर को मिजोरम का दौरा करेंगे, जहां वह 9,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इनमें सबसे प्रमुख 8,070 करोड़ रुपये की लागत वाली बइरबी-सायरंग नयी रेल लाइन है, जो मिजोरम की राजधानी आइजोल को पहली बार देश के रेल नेटवर्क से जोड़ेगी. इस परियोजना में 45 सुरंगें और 55 बड़े पुल बनाये गये हैं. इसके अलावा, पीएम तीन नयी ट्रेनों-सैरंग (आइजोल)-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, सैरंग-गुवाहाटी एक्सप्रेस और सैरंग-कोलकाता एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखायेंगे. प्रधानमंत्री आइजोल बाइपास रोड, थेनजोल-सियालसुक रोड और खानकावन-रोंगुरा रोड सहित कई सड़क परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे. प्रधानमंत्री 13 सितंबर को ही मणिपुर के चुराचांदपुर में 7,300 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे. इनमें मणिपुर शहरी सड़कें, जल निकासी और परिसंपत्ति प्रबंधन सुधार परियोजना और 5 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं शामिल हैं. 13 और 14 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी असम में रहेंगे. शनिवार को पीएम भारत रत्न डॉ भूपेन हजारिका की 100वीं जयंती समारोह में भाग लेंगे और 14 सितंबर को वह 18,530 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली प्रमुख बुनियादी ढांचा और औद्योगिक परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. दरांग में, वह दरांग मेडिकल कॉलेज और गुवाहाटी रिंग रोड परियोजना की आधारशिला रखेंगे. गोलाघाट में असम बायोएथेनॉल संयंत्र और पॉलीप्रोपाइलीन संयंत्र का शिलान्यास करेंगे. इसके अतिरिक्त, वे प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को चाबियां सौंपेंगे और डीएवाइ-एनआरएलएम के तहत क्लस्टर स्तरीय संघों को सामुदायिक निवेश कोष वितरित करेंगे.पीएम मोदी 15 सितंबर को आयेंगे कोलकाता प्रधानमंत्री 15 सितंबर को कोलकाता में 16वें संयुक्त कमांडर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे. जिसका विषय ‘सुधारों का वर्ष- भविष्य के लिए परिवर्तन’ है. यह सम्मेलन भारत की सैन्य तैयारियों और रक्षा रणनीति पर चर्चा के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है.

राष्ट्रीय मखाना बोर्ड का प्रधानमंत्री करेंगे शुभारंभ प्रधानमंत्री 15 सितंबर को बिहार के पूर्णिया का दौरा करेंगे. वह राष्ट्रीय मखाना बोर्ड का शुभारंभ करेंगे, जिसका उद्देश्य देश के 90 प्रतिशत मखाना उत्पादन करने वाले बिहार के किसानों को लाभ पहुंचाना है. इसके बाद प्रधानमंत्री पूर्णिया हवाई अड्डे के नये टर्मिनल भवन का भी उद्घाटन करेंगे और 36,000 करोड़ रुपये की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे. जहां रेल कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए वह बिक्रमशिला-कटरिया नयी रेल लाइन और अररिया-गलगलिया नयी रेल लाइन का उद्घाटन/शिलान्यास करेंगे. वह जोगबनी और दानापुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखायेंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >