संवाददाता, दमदम.
गत 17 फरवरी को दमदम नगरपालिका के सात नंबर वार्ड में एक मकान में धारदार हथियार की नोक पर हुई डकैती की घटना के बाद अब दक्षिण दमदम नगरपालिका के दो नंबर वार्ड में दो घरों में चोरी की घटना से हड़कंप है. जानकारी के मुताबिक, दो नंबर वार्ड के विवेकानंद पल्ली इलाके में देर रात कुछ बदमाशों ने दो घरों के ताले तोड़ कर नकदी समेत गहने चुरा लिये. एक अन्य घर का ताला नहीं तोड़ पाने पर बदमाशों ने बाहर से ही कुंडी लगा कर फरार हो गये. बताया जाता है कि एक महिला के घर में चोरी हुई है. महिला का कहना है कि उनका दामाद रात को काम पर गये थे. महिला के साथ उनकी बेटी दूसरे कमरे में सो रही थी. कथित तौर पर बदमाशों ने युवती के घर का ताला तोड़ उसके सोने के जेवरात लेकर फरार हो गये. इसी तरह से एक और घर का ताला तोड़ कर बदमाश वहां से नकदी लेकर फरार हो गये. स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरों ने एक और घर का ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो पाये. इसके बाद उस घर के बाहर कुंडी लगा कर चले गये. दमदम थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मालूम हो कि गत 17 फरवरी को तड़के दमदम नगरपालिका के सात नंबर वार्ड के नलता स्कूल रोड इलाके में एक दो मंजिला मकान में रहे रहे वृद्ध दंपती के घर में घुसकर हेलमेट पहने हुए बदमाशों ने हमला किया था. वे अपने साथ गहने व नकदी लूट कर ले गये. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
