Road Accident News: झारग्राम ग्रामीण क्षेत्र के गजाशिमुल में खड़गपुर-चिचड़ा 49 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बृहस्पतिवार को सड़क हादसा हो गया. कोलकाता से यात्रियों को लेकर रांची जा रही एक निजी यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे धान के खेत में जा घुसी. हादसे में बस चालक और खलासी घायल हो गये. बस में सवार 20 यात्री सुरक्षित बताये जा रहे हैं.
लॉरी को पार करते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे एक खराब लॉरी खड़ी थी. बस चालक लॉरी को पार करने की कोशिश कर रहा था, तभी सामने से अचानक एक वाहन आ गया. बस की उस वाहन से टक्कर हो गयी. इसके बाद चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस सड़क से नीचे उतरकर धान के खेत में जा घुसी.
खलासी प्रमोद एक्का के सिर में गंभीर चोट
हादसे में बस चालक उदित शर्मा का बायां पैर टूट गया. खलासी प्रमोद एक्का के सिर में गंभीर चोट आयी है. घटना की सूचना मिलने के बाद झारग्राम थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को बाहर निकाला. इसके बाद उन्हें इलाज के लिए झारग्राम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया.
ये भी पढ़ें: मोबाईल पर बात कर रहा था ड्राइवर, यात्रियों से भरी बस हुई दुर्घटनाग्रस्त, 15 यात्री घायल
दूसरी बस से रांची भेजे गये यात्री
बस में सवार डेढ़ दर्जन से अधिक यात्री सुरक्षित बताये गये हैं. हादसे के बाद यात्रियों को दूसरी गाड़ी से रांची के लिए रवाना किया गया. राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए इस हादसे के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा. पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें: बंगाल के सिंगूर में डंपर से टकरा कर जली कार, चालक की जलकर मौत
