कोलकाता से मुकेश तिवारी की रिपोर्ट
पश्चिम बंगाल के दक्षिणेश्वर रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा टल गया. गुरुवार की सुबह डाउन लाइन का ओवरहेड (ओएचई) बिजली का तार अचानक टूट गया. तार टूटते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में दहशत फैल गई.
तार टूटते ही उसमें से चिंगारियां निकलने लगीं
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तार टूटने के बाद तेज आवाज और चिंगारियां निकलने लगीं. बिजली के खतरनाक रूप को देखकर यात्री घबरा गए और सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे. घटना के बाद कुछ समय के लिए ट्रेन परिचालन भी प्रभावित हुआ.
तकनीकी टीम मौके पर पहुंची
रेलवे अधिकारियों को घटना की सूचना मिलते ही तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त ओवरहेड लाइन की मरम्मत का काम शुरू किया. सुरक्षा के मद्देनजर संबंधित ट्रैक पर बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.हालांकि, रेलवे प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है कि ओवरहेड तार टूटने का कारण क्या था और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
Also Read: पश्चिम बंगाल बनेगा देश का ‘सीड हब’, खुलेंगे चार कृषि प्रशिक्षण एवं अनुसंधान केंद्र
