बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी राष्ट्रीय टीम में बदलाव करते हुए कई नए चेहरों को शामिल किया है. यह फेरबदल 2029 तक होने वाले विधानसभा चुनावों और अगले आम चुनावों के लिए भाजपा की तैयारियों को ध्यान में रखकर किया गया है. घोषित कुल 65 पदाधिकारियों में से 51 नये हैं.
इनमें से छह की उम्र 40 साल से कम है, 15 लोग 40-49 साल के आयु वर्ग में हैं और 21 लोग 50-59 साल के आयु वर्ग में हैं. पार्टी के अनुसार, पदाधिकारियों में 12 महिलाएं और अल्पसंख्यक समुदायों के छह नेता भी शामिल हैं. नवीन द्वारा नई कार्यकारिणी के गठन पर राज्यसभा सीट के दावेदार एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता कुलदीप माइती ने कोलकाता से उन्हें हृदय से बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं.
कुलदीप माइती ने कहा कि नितिन नवीन के नेतृत्व में गठित नई टीम में युवाओं, महिला मोर्चा और अनुभवी कार्यकर्ताओं को उचित स्थान दिया गया है. यह संतुलित टीम संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करेगी. उन्होंने कहा,"राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को नई टीम बनाने के लिए बहुत-बहुत बधाई. यह युवा टीम निश्चित रूप से कमाल करेगी और 2029 में फिर से मोदी सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाएगी.
माइती ने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के "विकसित भारत 2047" के संकल्प को बिहार के हर घर तक पहुंचाएगी. पार्टी कार्यकर्ताओं में नई टीम को लेकर जबरदस्त उत्साह है. अंत में उन्होंने नई टीम के सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन की मजबूती और जनसेवा के लिए शुभकामनाएं दीं.
