मुख्य बातें
Narendra Modi Election Rally: हल्दिया: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पश्चिम बंगाल में चुनावी हुंकार भरी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हल्दिया में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए दावा किया है कि ममता बनर्जी की बंगाल की सत्ता से विदाई तय है. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नंदीग्राम की तरह ही इस बार भवानीपुर में भी ममता बनर्जी की हार होगी. पीएम मोदी ने यहां भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी के समर्थन में वोट मांगा. मोदी ने विजय संकल्प सभा से बंगाल में बदलाव का आह्वान किया. खराब मौसम के कारण मोदी की सभा की शुरुआत थोड़ी देर से हुई. शुभेंदु अधिकारी ने पहला भाषण दिया. उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में बंगाल में बदलाव आएगा.
टीएमसी पर जमकर हमला बोला
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में जोश और आत्मविश्वास दिखाई दे रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभा में टीएमसी पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि टीएमसी ने युवाओं के सपनों को कुचला है और प्राइवेट सेक्टर का नामोनिशान मिटा दिया है. पीएम मोदी ने कहा कि टीएमसी वोट बैंक को खुश करने के लिए धर्म के आधार पर आरक्षण देने और तुष्टिकरण की नीति में लगी हुई है। पीएम मोदी ने यह भी भरोसा दिलाया कि भाजपा सरकार में भर्ती ट्रांसपेरेंट, समयबद्ध और पूरी तरह निष्पक्ष होगी। कोई कमीशन, रिश्वत या भेदभाव नहीं होगा. शुभेंदु अधिकारी की रैली में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की बड़ी भीड़ ने उत्साह और जोश के साथ उनके समर्थन में नारे लगाए.
परिवर्तन के रास्ते पर चल पड़ा पश्चिम बंगाल
पीएम मोदी ने कहा- नंदीग्राम ने 5 साल पहले बदलाव की राह दिखाई थी. अब पूरा पश्चिम बंगाल उसी परिवर्तन के रास्ते पर चल पड़ा है. जो कमाल 5 साल पहले नंदीग्राम ने किया था इस बार वही हाल भवानीपुर में भी होने जा रहा है. पूरे बंगाल में होने जा रहा है. मोदी ने कहा- बंगाल से TMC के जाने का ऐलान हो गया है. विकसित बंगाल के लिए निर्मम सरकार की विदाई करनी होगी. पूरे बंगाल में बीजेपी की लहर है. ममता का जो हाल नंदीग्राम में हुआ वही इस बार भवानीपुर में होगा.
बंगाल के लिए PM मोदी ने दी 6 गारंटी
- पहली गारंटी- भयमुक्त बंगाल
- दूसरी गारंटी- सरकारी सिस्टम की जवाबदेही
- तीसरी गारंटी- भ्रष्टाचार, अपराध की फाइलें खुलेंगी
- चौथी गारंटी- भ्रष्टाचारियों को जेल भेजा जाएगा
- पांचवी गारंटी- TMC के गुंडे नहीं बचेंगे
- छठी गारंटी- सातवां वेतन आयोग लागू होगा
‘धर्म के आधार पर आरक्षण देने में जुटी TMC’
पीएम मोदी ने कहा- TMC अपने वोट बैंक को खुश करने के लिए, धर्म के आधार पर आरक्षण देने में जुटी है. कोर्ट बार-बार इस साजिश को खारिज करता है, लेकिन तुष्टिकरण की बीमारी ऐसी है कि ये कोर्ट तक को नहीं मानते, संविधान को नहीं मानते. ये (माहिष्य समुदाय) कब से टीएमसी सरकार से अपनी मांग कर रहे हैं, लेकिन टीएमसी, माहिष्य समुदाय की मांग पूरी करने के बजाय बहाने बना रही है, क्योंकि माहिष्य समुदाय टीएमसी का वोट बैंक नहीं है. मैं आज आपको भरोसा देता हूं कि भाजपा सरकार संविधान के अनुसार काम करेगी. जिसका जो हक है, वो हक उसे दिलाया जाएगा.
‘सरकारी पदों को TMC के मंत्री लूट रहे’
प्रधानमंत्री ने कहा- तृणमूल सरकार ने बंगाल के युवाओं के साथ जो किया है, उसके पाप वे अगले 100 सालों में भी नहीं धो पाएंगे. टीएमसी ने बंगाल के युवाओं के साथ दोहरा विश्वासघात किया है. यहां प्राइवेट सेक्टर में कोई नौकरियां नहीं हैं, और अगर हैं भी तो वे घुसपैठियों को दे दी गई हैं. सरकारी पदों को TMC के मंत्री लूट रहे हैं. उन्होंने कहा- टीएमसी की सरकार में फर्जी डॉक्यूमेंट बनाना और पशुओं की तस्करी यही इंडस्ट्री डेवलप की है. टीएमसी की राजनीति का एक ही केंद्रबिंदु है भय पैदा करो. कारखाने और निवेश भय से नहीं चलता है. फैक्ट्रियां भय के सिंडिकेट से नहीं, भरोसे से चलती हैं. यह भरोसा केवल बीजेपी ही दे सकती है.
हल्दिया जिले में हर सीट पर खिलेगा कमल
हल्दिया में आयोजित जनसभा में भाजपा के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आश्वस्त करते हुए दावा किया कि इस साल भाजपा हल्दिया के सभी 16 विधानसभा सीटें जीतकर जीत का परचम लहराएगी. जनसभा में शुभेंदु अधिकारी ने कहा- मैं पीएम मोदी को यह भरोसा दिलाना चाहता हूं कि इस जिले में भाजपा पहले से ही 15 में 16 सीटों पर जीत रही थी. इस साल कमल का फूल सभी 16 सीटों पर खिलेगा. इस दावे के साथ भाजपा ने हल्दिया जिले में अपनी ताकत और लोकप्रियता को लेकर स्पष्ट संदेश दिया कि पार्टी इस विधानसभा चुनाव में पूरी तरह तैयार है.
ममता का किला ढहाने की तैयारी!
इससे पहले रविवार को पीएम मोदी ने उत्तर बंगाल के कूचबिहार में पहली जनसभा के जरिए बंगाल में चुनाव प्रचार की शुरुआत की थी. बंगाल में बीजेपी ममता बनर्जी का किला ढहाने के लिए पुरजोर कोशिश कर रही है. अमित शाह बंगाल में डेरा डाले हुए हैं, अब प्रधानमंत्री मोदी भी बंगाल के चुनावी रण में पूरी तरह से उतर गए हैं. ममता बनर्जी के सामने जहां अपना गढ़ बचाने की चुनौती है तो वहीं बीजेपी बंगाल फतह पर फोकस कर रही है.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पश्चिम बंगाल में कब है चुनाव?
पश्चिम बंगाल में 294 विधानसभा सीटों के वोटिंग दो फेज में कराई जानी है. चुनाव आयोग के शेड्यूल के मुताबिक, पहले चरण की वोटिंग 23 अप्रैल को होगी और दूसरे चरण की वोटिंग 29 अप्रैल को होगी. वहीं, चुनाव के परिणाम 4 मई को सामने आएंगे. इस बार चुनाव में मुख्य मुकाबला सत्ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस और विपक्षी दल भाजपा के बीच है.
Also Read: पीएम मोदी की सभा के लिए हुई 200 बसों की बुकिंग रद्द, भाजपा ने तृणमूल पर लगाया धमकाने का आरोप
