मुख्य बातें
Madrasa in Bengal: कोलकाता. बंगाल सरकार ने यहां के सभी सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों के साथ अब मदरसों में भी ‘वंदे मातरम्’ गाना अनिवार्य कर दिया है. नयी सरकार की ओर से जारी निर्देश के अनुसार कक्षाएं शुरू होने से पहले प्रार्थना सभा में वंदे मातरम् गाया जायेगा. विकास भवन की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि मदरसा शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी मदरसे, एसएसके व एमएसके संस्थानों में भी यह नियम लागू होगा. इसके बाद मदरसा शिक्षा निदेशालय ने सभी संस्थानों को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के लिए नोटिस जारी किया है.
मदरसा शिक्षक संघ ने जतायी सहमति
मदरसा टीचर्स एसोसिएशन के राज्य अध्यक्ष अबू सूफियान पाइक ने कहा कि सरकार के आदेश का पालन किया जायेगा. उन्होंने कहा : वंदे मातरम् एक राष्ट्रीय गीत है और मदरसों में पढ़ने वाले बच्चे भी देश के नागरिक हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि मदरसों में धार्मिक प्रार्थना की परंपरा जारी रहेगी, लेकिन उसके साथ सरकार के निर्देशानुसार वंदे मातरम् भी गाया जायेगा. उन्होंने कहा कि समय के साथ बदलाव स्वीकार करना जरूरी है और शिक्षक सरकारी नियमों का पालन करेंगे.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
वीडियो रिकॉर्डिंग रखने का निर्देश
शिक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अगले सोमवार से राज्य के सभी स्कूलों और मदरसों में प्रार्थना सभा के दौरान वंदे मातरम् गाया जायेगा. अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया है कि पूरी प्रार्थना सभा की वीडियो रिकॉर्डिंग या दस्तावेजी प्रमाण सुरक्षित रखें, ताकि नियमों के पालन की पुष्टि की जा सके. अब तक राज्य के अधिकांश स्कूलों में ‘जन गण मन’ गाया जाता था. वहीं, पूर्ववर्ती सरकार के दौरान ‘बांग्लार माटी बांग्लार जल’ को विशेष महत्व दिया गया था. अब नयी सरकार ने वंदे मातरम् को अनिवार्य करने का फैसला लिया है.
Also Read: कलकत्ता यूनिवर्सिटी को नहीं मिल रहे छात्र, कई कॉलेजों में घटेंगी बीए-बीएससी की सीटें
