राज्य में पथश्री के नाम पर लूटश्री योजना चला रही तृणमूल कांग्रेस सरकार : शुभेंदु

राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य की तृणमूल सरकार ने भ्रष्टाचार का नया तरीका ढूंढा है. उन्होंने दावा किया कि पथश्री योजना के नाम पर पूरे राज्य में लूट चल रही है. इतना ही नहीं, 100 दिनों की रोजगार गारंटी योजना का काम कराने वाले ठेकेदारों के साथ भी अन्याय किया जा रहा है.

कोलकाता.

राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य की तृणमूल सरकार ने भ्रष्टाचार का नया तरीका ढूंढा है. उन्होंने दावा किया कि पथश्री योजना के नाम पर पूरे राज्य में लूट चल रही है. इतना ही नहीं, 100 दिनों की रोजगार गारंटी योजना का काम कराने वाले ठेकेदारों के साथ भी अन्याय किया जा रहा है. श्री अधिकारी ने बुधवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि इस काम के लिए सामग्री सप्लाई करने वाले कई आपूर्तिकर्ताओं को भुगतान नहीं किया गया है. विपक्ष के नेता ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि पथश्री के नाम पर पश्चिम बंगाल में लूटश्री परियोजना चल रही है.

शुभेंदु अधिकारी ने टेंडर मामले पर दस्तावेज दिखाते हुए बड़ा आरोप लगाया है. उनका दावा है कि इस सरकार ने चुनाव की घोषणा होने से ठीक पहले 9,114 योजनाओं के लिए टेंडर निकालने का फैसला किया है. लेकिन पहले से काम कर चुके ठेकेदारों को भुगतान नहीं किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदारों को भुगतान करने के लिए कमीशन वसूला जा रहा है. प्रत्येक भुगतान पर उनसे तीन से चार प्रतिशत रुपये लिये जा रहे हैं और इस तरह तृणमूल कांग्रेस के पार्टी फंड में 1400 करोड़ रुपये एकत्रित किये गये हैं.

श्री अधिकारी ने ठेकेदारों को सलाह देते हुए कहा कि ठेकेदार अभी काम न लें, क्योंकि अगर वे काम लेंगे, तो उन्हें पैसे नहीं मिलेंगे. उन्होंने यह स्पष्ट किया कि अगले साल फरवरी में चुनावी आचार संहिता (एमसीसी) लागू हो जायेगी. उस समय तृणमूल नेता चुनाव की होड़ में व्यस्त होंगे. इसलिए कोई काम नहीं होगा. ठेकेदारों को एक पैसा भी नहीं मिलेगा. शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उनका असली लक्ष्य ठेकेदारों को बचाना है.

एसआइआर प्रक्रिया के दौरान हो रही मौत की घटनाओं पर श्री अधिकारी ने तृणमूल सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सहित देश के 12 राज्यों में एसआइआर हो रही है, लेकिन पश्चिम बंगाल को छोड़ कर कहीं भी ऐसी कोई खबर नहीं है. शुभेंदु ने कटाक्ष करते हुए कहा कि सरकार को शायद आत्मघाती रोग हो गया है. जलपाईगुड़ी में बीएलओ की मृत्यु की घटना पर शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया, ‘मैंने इस घटना के बारे में पूछताछ की और मुझे पता चला है कि राज्य सरकार के उनके वरिष्ठ अधिकारियों के दबाव के कारण वह अत्यधिक तनाव में थीं जिसके चलते उन्होंने आत्महत्या कर ली.’ भाजपा विधायक ने फिर चेतावनी दी है कि अगर एसआइआर प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से नहीं चलने दिया गया तो आने वाले दिनों में राज्य में राष्ट्रपति शासन लग सकता है.

नेता प्रतिपक्ष ने तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी के खिलाफ राज्यपाल की कार्रवाई का किया स्वागत

विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने राज्यपाल सीवी आनंद बोस द्वारा तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी के खिलाफ राजभवन में विस्फोटकों के भंडारण संबंधी बयान पर एफआइआर दर्ज कराने के कदम का स्वागत किया और कहा कि राज्यपाल को इस मामले को आगे बढ़ाना चाहिए. श्री अधिकारी ने कहा कि अगर पुलिस एफआइआर के संबंध में कोई कार्रवाई नहीं करती है, तो केंद्रीय एजेंसियों से हस्तक्षेप की मांग की जायेगी. कल्याण बनर्जी ने शनिवार को बोस पर राजभवन को भाजपा कार्यालय में बदलने का आरोप लगाकर विवाद खड़ा कर दिया था और संकेत दिया था कि वहां हथियार और विस्फोटक मिल सकते हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By BIJAY KUMAR

BIJAY KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >