मुख्य बातें
Kolkata Traffic: कोलकाता. चिंगड़ीहाटा मेट्रो स्टेशन के इंटीग्रेशन (एकीकरण) के काम के लिए सरकार की तरफ से ग्रीन सिग्नल मिलने के बाद पेंडिंग काम आनेवाले शुक्रवार से शुरू होनेवाला है. इसके चलते, ट्रैफिक पर पाबंदियों को लेकर कोलकाता ट्रैफिक पुलिस की तरफ से यह फैसला लागू किया गया है. बताया गया है कि 15 मई की रात आठ बजे से शुरू होकर लगातार 60 घंटे तक ट्रैफिक को नियंत्रित किया जायेगा. 18 मई की सुबह आठ बजे फिर से खोल दी जायेगी. इसके बाद, अगले चरण में 22 मई की रात आठ बजे से यातायात सेवा प्रभावित रहेगी. सड़क पर सामान्य ट्रैफिक सेवा 25 मई की सुबह आठ बजे फिर से शुरू कर दी जायेगी. तय समय के दौरान ट्रैफिक को दूसरे रास्तों पर डायवर्ट कर दिया जायेगा. कोलकाता ट्रैफिक पुलिस ने इस बारे में एक अधिसूचना जारी की है.
सॉल्टलेक की ओर से आनेवाले वाहनों के लिए
सॉल्टलेक और एयरपोर्ट की ओर जानेवाले वाहनों को बाईपास के पश्चिमी हिस्से के बंद होने के कारण, नजदीकी होटल के सामने से गुजरने के लिए दूसरे रास्ते पर मोड़ दिया जायेगा. सॉल्टलेक या न्यूटाउन की तरफ से बाईपास की ओर आनेवाले वाहन इसी रास्ते का इस्तेमाल करेंगे. बाईपास पर दक्षिण की ओर जाने वाले वाहन अपने तय रास्तों पर ही चलते रहेंगे. दूसरे चरण में सॉल्टलेक, उल्टाडांगा या एयरपोर्ट जानेवाले वाहनों को नजदीकी होटल के सामने से गुजरने के लिए दूसरे रास्ते पर मोड़ा जायेगा. दक्षिण की ओर जाने वाले वाहनों को चिंगड़ीहाटा क्रॉसिंग पर दूसरे रास्ते पर मोड़ा जायेगा और बाईपास के पश्चिमी हिस्से की ओर भेजा जायेगा.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
न्यूटाउन से आनेवाले वाहनों के लिए
न्यूटाउन और सॉल्टलेक की तरफ से आनेवाले वाहनों को चिंगड़ीहाटा क्रॉसिंग पर बायें मुड़ने की इजाजत होगी. उत्तर की ओर जानेवाले वाहनों को मेट्रोपॉलिटन क्रॉसिंग पर यू-टर्न लेने की इजाजत होगी. हुडको क्रॉसिंग या कांकुड़गाछी क्रॉसिंग से आनेवाले दक्षिण की ओर जाने वाले मालवाहक वाहनों को चिंगड़ीहाटा क्रॉसिंग की ओर जाने की इजाजत नहीं होगी. हालात को देखते हुए, जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक कंट्रोल के लिए और भी कदम उठाये जा सकते हैं. इस बीच, जब यह मेट्रो लाइन चालू हो जायेगी, तो यात्री कवि सुभाष से चिंगरीहाटा होते हुए सीधे सॉल्टलेक सेक्टर-5 तक जा सकेंगे. इसके अलावा, कोलकाता एयरपोर्ट तक सीधे पहुंचना भी काफी आसान हो जायेगा. ऐसी चर्चा है कि अगर कोई अचानक रुकावट नहीं आती है, तो यह मेट्रो रूट आनेवाली दुर्गा पूजा या क्रिसमस के त्योहारों के मौके पर शहर के लोगों के लिए एक शानदार तोहफा साबित हो सकता है.
Also Read: 12 तक लेट नहीं, 3 के बाद भेंट नहीं, बंगाल में मनमर्जी से दफ्तर आने वालों की अब खैर नहीं
