झारखंड में अवैध हथियारों की फैक्टरी का भंडाफोड़, दो आरोपी हुए गिरफ्तार

अवैध हथियारों के कारखाने का भंडाफोड़ करने के साथ ही करीब एक लाख रुपये नकद और बड़ी संख्या में अर्द्धनिर्मित आग्नेयास्त्र व इन्हें बनाने का सामान भी बरामद किया गया. मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

कोलकाता.

मैरिज हॉल की आड़ में अवैध हथियार निर्माण की फैक्टरी चलाये जाने की भनक मिलते ही कोलकाता पुलिस की स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) ने झारखंड एटीएस के साथ झारखंड के बोकारो के गांधीनगर इलाके में संयुक्त अभियान चलाया. अभियान के दौरान अवैध हथियारों के कारखाने का भंडाफोड़ करने के साथ ही करीब एक लाख रुपये नकद और बड़ी संख्या में अर्द्धनिर्मित आग्नेयास्त्र व इन्हें बनाने का सामान भी बरामद किया गया. मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों के नाम केशव कुमार (35) और प्रवीण कुमार (53) बताये गये हैं. केशव बिहार के खगड़िया के गोगरी थाना क्षेत्र के बरीमालिया गांव का निवासी है, जबकि अन्य आरोपी बिहार के मुंगेर जिले के कासिमबाजार थाना क्षेत्र के हेरुदियारा गांव का रहने वाला है.

बताया जा रहा है कि कोलकाता एसटीएफ के अधिकारियों को मुखबिरों से अवैध हथियारों के निर्माण की एक फैक्टरी का पता चला था. सूचना के आधार पर कोलकाता एसटीएफ और झारखंड एटीएस ने संयुक्त रूप से गत शुक्रवार को बोकारो के गांधीनगर जरिडीह अपर बाजार इलाके में सूरज साव नामक एक शख्स के आवास और एक मैरिज हॉल में अभियान चलाया. इस दौरान पुलिस को मैरिज हॉल के गोदाम के अंदर आग्नेयास्त्र निर्माण की फैक्टरी मिली. फैक्टरी से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया. साथ ही फैक्टरी से छह अर्द्धनिर्मित आग्नेयास्त्र, नौ पिस्तौल के बॉडी, छह पिस्तौल स्लाइडर, 13 पिस्तौल बैरल प्लेट, तीन स्क्रैप प्लेट, एक लेथ मशीन, एक मिलिंग मशीन, एक ड्रिल मशीन, एक पॉलिशिंग मशीन, एक ग्रूविंग मशीन, स्केल, जीरोइंग मशीन और अन्य उपकरण जब्त किये गये. साथ ही करीब एक लाख रुपये नकद भी बरामद की गयी. कोलकाता एसटीएफ के अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि इस अवैध फैक्टरी को चलाने में कोई और भी शामिल है या नहीं. जांचकर्ता गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर रहे हैं. इससे पहले भी झारखंड और कोलकाता पुलिस के संयुक्त अभियान में अवैध हथियारों की अन्य फैक्टरियों का पता लगाया जा चुका है. पिछले तीन वर्षों में पड़ोसी राज्य में कोलकाता पुलिस की एसटीएफ का यह 18वां संयुक्त ऑपरेशन था, जिसमें बड़ी संख्या में हथियार और हथियार बनाने वाले सामान जब्त किये गये.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: BIJAY KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >