कोलकाता : कोलकाता के एक होटल में अगलगी से कई लोगों की मौत की सूचना है. न्यू मार्केट के मिर्जा ग़ालिब स्ट्रीट स्थित इस होटल में देश-विदेश से कई लोग ठहरे थे. हादसे के बाद कई लोग अपने कमरे के अंदर फंस गए थे. 9 लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर लाया गया है. अब तक 9 लोगों की मौत हो गई है. हालांकि इसकी पुष्टि अब तक प्रशासनिक स्तर पर नहीं हुई है. इस हादसे में 6 और लोग धुएं के कारण बीमार पड़ गए हैं. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. माना जा रहा है कि एसी खराब होने के कारण आग लगी.
मृतकों में एक बांग्लादेशी नागरिक भी
जानकारी के अनुसार बचाए गए सभी 9 लोगों की मौत हो गई है. हालांकि, अस्पताल या प्रशासन की ओर से अभी तक कोई घोषणा नहीं की गई है. मृतकों में 6 पुरुष, 2 महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं. मृतकों में बांग्लादेशी नागरिक भी हैं. वे इलाज के लिए कोलकाता आए थे. बताया जा रहा है कि आग सबसे पहले एसी से शुरू हुई और होटल के चार कमरों में फैल गई. कई लोग छत पर चढ़ गए थे. हालांकि, बताया जा रहा है कि बचाए गए 9 लोग बेहोश थे और होश में नहीं आए. माना जा रहा है कि धुएं के कारण वे बेहोश हो गए.
सुबह करीब दो बजे लगी आग
स्थानीय निवासियों ने बताया कि सुबह तड़के करीब 2 बजे न्यू मार्केट स्थित एक होटल में आग लग गई. सूचना मिलते ही चार दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. आपदा राहत दल भी मौके पर पहुंचे. होटल में कई मेहमान ठहरे हुए थे. नौ लोगों को बेहोशी की हालत में बचाया गया और उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया. चार दमकल गाड़ियों की मदद से होटल में लगी आग पर काबू पा लिया गया. पुलिस ने होटल को घेर लिया है. होटल मालिक का अभी तक पता नहीं चल पाया है. होटल मैनेजर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
दो दिनों में अगलगी की यह दूसरी घटना
दो दिन पहले तारापीठ के एक होटल में भीषण आग लग गई थी। इस घटना में नौ लोगों की मौत हो गई। इसके बाद वहां के होटलों में व्याप्त कुप्रबंधन की तस्वीरें सामने आईं. पता चला कि अधिकतर होटलों में आग बुझाने की उचित व्यवस्था नहीं है. होटल इतने पास-पास बने हैं कि आग लगने की स्थिति में दमकल गाड़ियां अंदर नहीं जा पातीं. इस घटना के बाद तारापीठ के 15 होटलों को बंद करने का फैसला लिया गया है. अब खबर आई है कि कोलकाता के एक होटल में आग लगने से नौ लोगों की मौत हो गई है.
Also Read: तारापीठ होटल अग्निकांड: होटल मालिक गिरफ्तार, हादसे के बाद फरार थे प्रवीर कुमार पाल
