113 घंटे बाद कोलकाता-दुबई उड़ान सेवा आंशिक रूप से हुई बहाल
अमेरिका-इस्राइल व ईरान युद्ध के बीच शुरू हुई फ्लाई दुबई की उड़ान
संवाददाता, कोलकाताअमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के बीच कोलकाता और दुबई के बीच उड़ान सेवाएं आंशिक रूप से फिर से शुरू हो गयी हैं. क्षेत्र में बढ़ते तनाव के कारण दुबई, कतर, ईरान और इराक समेत कई देशों का एयरस्पेस अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था. सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए उड़ान सेवाएं रोक दी गयी थीं, जिन्हें अब धीरे-धीरे बहाल किया जा रहा है.
कोलकाता एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने बताया कि कोलकाता से दुबई जाने वाली फ्लाई दुबई की उड़ान 113 घंटे बंद रहने के बाद फिर से शुरू हो गयी. गुरुवार तड़के फ्लाई दुबई की पहली उड़ान एफजेड 461 दुबई से कोलकाता पहुंची. यह फ्लाइट रात 12:25 बजे पहुंचने वाली थी, लेकिन निर्धारित समय पर लैंड नहीं कर पायी और तड़के सुबह 2:40 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पर उतरी. इस फ्लाइट में 130 यात्री सवार थे.
दूसरी ओर, कोलकाता से दुबई के लिए फ्लाई दुबई की एक उड़ान गुरुवार तड़के 1:25 बजे रवाना होने वाली थी, लेकिन यह सुबह 3:59 बजे रवाना हुई. इस विमान में 55 यात्री दुबई के लिए कोलकाता से रवाना हुए.
28 फरवरी को कोलकाता से दुबई के लिए रवाना हुई थी आखिरी उड़ान
जानकारी के अनुसार, कोलकाता एयरपोर्ट से दुबई के लिए आखिरी उड़ान 28 फरवरी को रवाना हुई थी. उस दिन सुबह 9:35 बजे एमिरेट्स की एक फ्लाइट दुबई के लिए रवाना हुई थी. इसके बाद से कोलकाता से दुबई के लिए कोई फ्लाइट नहीं रवाना हुई और न ही दुबई से कोलकाता के लिए कोई फ्लाइट आयी थी. करीब 113 घंटे तक मध्य-पूर्व एशिया में उड़ान सेवाएं प्रभावित रहने के बाद अब धीरे-धीरे सेवाएं सामान्य होने लगी हैं.हालांकि गुरुवार को कोलकाता से दुबई जाने वाली एयर अरबिया की एक उड़ान रद्द रही. इसके अलावा लंदन से दुबई की एक उड़ान, कतर एयरवेज की सिडनी से दोहा की एक उड़ान और एयर अरबिया की एक अन्य उड़ान भी रद्द रही.पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी पड़ रहा है. दिल्ली से लंदन जाने वालीं फ्लाइटों के किराये में भी भारी बढ़ोतरी देखी जा रही है और टिकट के दाम कई गुना तक बढ़ गये हैं. कई यात्री अब भी दुबई में फंसे हुए हैं और भारत लौटने के लिए परेशान हैं. मालूम हो कि पिछले कुछ दिनों में कोलकाता एयरपोर्ट पर भी इसका बड़ा असर पड़ा है. मंगलवार को कोलकाता एयरपोर्ट से आगमन और प्रस्थान मिलाकर कुल 10 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द हुई थीं, जबकि बुधवार को आगमन और प्रस्थान मिलाकर 15 उड़ानें रद्द रहीं.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.