कल्याणी : खिचड़ी खाने के बाद 50 ग्रामीण बीमार

समारोह में सभी ने खायी थी खिचड़ी

समारोह में सभी ने खायी थी खिचड़ी

कल्याणी. नदिया जिले के नाकाशीपाड़ा थाना क्षेत्र के पाटपुकुर गांव में एक समारोह के दौरान खिचड़ी खाने के बाद करीब 50 ग्रामीण बीमार पड़ गए. मंगलवार दोपहर सभी को इलाज के लिए बेथुयाडहरी स्टेट जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां एक बच्चे की हालत बिगड़ने पर उसे कृष्णानगर शक्तिनगर जिला अस्पताल में रेफर किया गया. स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सोमवार रात गांव में एक व्यक्ति के घर पर समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए. कार्यक्रम के बाद सभी को खिचड़ी परोसी गयी. रात में खाना खाने के कुछ घंटे बाद ही कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी. मंगलवार सुबह तक स्थिति और गंभीर हो गयी, जब बच्चों, महिलाओं और पुरुषों समेत 50 से अधिक लोगों को उल्टी, पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत हुई. इलाज के लिए सभी को बेथुयाडहरी राजकीय सामान्य अस्पताल ले जाया गया. स्थानीय लोगों को आशंका है कि फूड पॉयजनिंग के कारण यह घटना हुई है. ग्रामीणों का मानना है कि बीमार लोगों की संख्या और बढ़ सकती है. घटना के बाद पूरे पाटपुकुर इलाके में चिंता का माहौल है.

स्थानीय निवासी इकराम शेख ने बताया कि समारोह में शामिल सभी लोगों को खिचड़ी बांटी गयी थी, जिसके बाद लोग एक-एक कर बीमार पड़ने लगे. फिलहाल सभी का अस्पताल में इलाज जारी है और डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है. स्वास्थ्य विभाग इस घटना की जांच कर रहा है ताकि फूड पॉयजनिंग के सही कारणों का पता लगाया जा सके.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >