Independence day 2026 : कोलकाता : स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली छात्रों को परेड में भाग लेने की अनुमति नहीं होगी. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सख्त निर्देश जारी किए हैं. हालांकि, स्कूली छात्र परेड में भाग नहीं ले सकेंगे, लेकिन कॉलेज के छात्र इसमें शामिल हो सकेंगे. मुख्यमंत्री ने संदेश दिया है कि 15 अगस्त को होने वाली परेड में कॉलेज के छात्र भी शामिल होंगे.
एक घंटे से लंबा नहीं होगा कार्यक्रम
नबन्ना में इसको लेकर एक बैठक हुई. मुख्यमंत्री ने सूचना एवं संस्कृति विभाग को निर्देश दिया कि स्कूली छात्र कार्यक्रम देखने आ सकते हैं, लेकिन उन्हें इसमें भाग लेने की आवश्यकता नहीं है. कार्यक्रम एक घंटे से अधिक नहीं चलना चाहिए. उन्होंने कहा कि यदि कार्यक्रम बरसात के दिन आयोजित किया जाता है और बच्चे भींग जाते हैं, तो वे बीमार पड़ सकते हैं. यह बिल्कुल भी उचित नहीं है.
पिछले साल भींगने से हुए थे कई बच्चे बीमार
पिछले साल स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान रेड रोड पर बारिश में भींगने से कई छात्र बीमार पड़ गए थे. उससे पहले भी, भीषण गर्मी में अभ्यास के दौरान कई छात्र बीमार हुए थे. इसीलिए मुख्यमंत्री ने इस बार यह निर्णय लिया है. वहीं दूसरी ओर, आयुष्मान भारत दिवस 16 अगस्त को नेताजी इंडोर स्टेडियम में मनाया जाएगा. उसी दिन मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना का औपचारिक शुभारंभ भी होगा. मुख्यमंत्री ने बैठक में इस निर्णय की घोषणा की.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
सबको मिलेगा बीमा का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना के दायरे में नहीं आएंगे, उन्हें उसी दिन 'मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना' के अंतर्गत लाया जाएगा. बंगाल में किसी भी नागरिक को ईलाज के लिए अब किसी के आगे हाथ फैलाने की जरुरत नहीं है. मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया है कि आम जनता को राज्य सरकार की सभी सेवाएं उचित रूप से प्राप्त हों.
Also Read: उत्तर बंगाल में पर्यटन को नयी उड़ान, सैंडकफू में बनेंगे पर्यावरण अनुकूल 10 कंटेनर होम
