पत्नी की हत्या के बाद पति ने थाने में किया आत्मसमर्पण

दांपत्य कलह के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और वारदात के बाद थाने जाकर आत्मसमर्पण कर दिया.

दक्षिण 24 परगना के डायमंड हार्बर में दांपत्य कलह बनी हत्या की वजह

संवाददाता, कोलकाता.

दांपत्य कलह के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और वारदात के बाद थाने जाकर आत्मसमर्पण कर दिया. यह घटना दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर थाने के अंतर्गत नेतड़ा दक्षिण शेउड़दा बांकीमोड़ गांव की है. मृतका का नाम तजलीमा बीबी (20) बताया गया है.

तजलीमा की शादी कुछ साल पहले साबिर मोल्ला से हुई थी. दंपती की चार साल की एक बेटी भी है. साबिर पेशे से दर्जी है और घर से ही काम करता है. परिजनों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था. विवाद बढ़ने पर तजलीमा मायके चली गयी थी, लेकिन कुछ दिन पहले ही साबिर उसे वापस घर ले आया था. बुधवार को साबिर अपनी बेटी को स्कूल से लेकर ससुराल गया और उसे वहीं छोड़ आया. बताया जा रहा है कि उसी रात पति-पत्नी के बीच फिर झगड़ा हुआ. झगड़े के दौरान साबिर ने पहले तजलीमा की पिटाई की और बाद में गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. घटना के बाद साबिर ने घर पर ताला लगाया और सीधे थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया.

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने थाने में बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है और शव घर में पड़ा है. उसने घर की चाबी भी पुलिस को सौंप दी. इसके बाद पुलिस टीम उसके घर पहुंची और ताला खोलकर तजलीमा का शव बरामद किया. शव पर चोट के कई निशान पाये गये. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जांचकर्ताओं का प्रारंभिक अनुमान है कि पहले महिला की पिटाई की गयी और बाद में गला घोंटकर हत्या की गयी. फिलहाल पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SUBODH KUMAR SINGH

SUBODH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >