तृणमूल विधायक हुमायूं कबीर ने नदी कटाव पर मुख्यमंत्री पर साधा निशाना

भरतपुर के तृणमूल विधायक हुमायूं कबीर ने नदी किनारे कटाव को लेकर सीधे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी पर निशाना साधा.

संवाददाता, कोलकाता

भरतपुर के तृणमूल विधायक हुमायूं कबीर ने नदी किनारे कटाव को लेकर सीधे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर बंगाल में प्राकृतिक आपदा आने पर दोनों नेता घटनास्थल पर पहुंचते हैं, लेकिन मुर्शिदाबाद के लालगोला इलाके में तीन महीने से जारी नदी कटाव पर किसी की नजर नहीं है.

कबीर ने मीडिया से कहा, “उत्तर बंगाल में जब बाढ़ और मौतें हो रही हैं, तो मुख्यमंत्री वहां डेरा डाल देती हैं. विपक्ष का नेता भी पार्टी के बैनर तले राहत कार्यों में लग जाता है. लेकिन तीन महीने से लालगोला का तारानगर इलाका उपेक्षित पड़ा है. मुर्शिदाबाद के लोग जब आवाज उठायेंगे, तब सब दौड़ेंगे.” उन्होंने आगे कहा कि स्थानीय और केंद्रीय जनप्रतिनिधि जिम्मेदारी से बच निकलते हैं, लेकिन जनता समय आने पर इसका जवाब देगी.

केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री और बालुरघाट से भाजपा सांसद डॉ सुकांत मजूमदार ने कहा, “यदि उन्हें इतनी शिकायत है, तो वह तृणमूल में क्यों हैं?” वहीं, तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता अरूप चक्रवर्ती ने सफाई देते हुए कहा कि यह विधायक का व्यक्तिगत बयान है और पार्टी का आधिकारिक रुख नहीं. उन्होंने बताया कि राज्यसभा सांसदों ने पहले भी भूथनी से लालगोला तक नदी कटाव का मुद्दा उठाया है. बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब हुमायूं कबीर ने पार्टी लाइन से अलग बयान दिया है. पहले भी दलविरोधी टिप्पणियों के लिए उन्हें चेतावनी दी जा चुकी है और इस मुद्दे पर उनके और पार्टी नेताओं के बीच बैठकें हो चुकी हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SUBODH KUMAR SINGH

SUBODH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >