1.56 करोड़ का सोना बरामद

भारत-बांग्लादेश सीमा पर बीएसएफ को मिली बड़ी सफलता

भारत-बांग्लादेश सीमा पर बीएसएफ को मिली बड़ी सफलता

अन्य घटना में 8.36 लाख की चांदी जब्त करने के साथ तस्कर भी दबोचा गया

संवाददाता, कोलकाता

सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) दक्षिण बंगाल सीमांत की 32वीं वाहिनी की सीमा चौकी बानपुर के जवानों ने नदिया में भारत-बांग्लादेश की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सोने की तस्करी के प्रयास को एक बार फिर विफल कर दिया. जवानों ने 1.66 किलोग्राम के सोने के 12 बिस्कुटों को बरामद किया. सोने की कीमत करीब 1.56 करोड़ रुपये आंकी गयी है. वहीं, उत्तर 24 परगना स्थित सीमावर्ती इलाके से भी बीएसएफ ने करीब 8.36 लाख रुपये मूल्य का चांदी जब्त किया है. इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार भी किया गया है.

कब और क्या हुआ :

गत शनिवार को बीएसएफ की 32वीं वाहिनी की सीमा चौकी बानपुर के जवानों को मुखबिरों से सूचना मिली कि बानपुर गांव के रास्ते बांग्लादेश से भारत में सोने की तस्करी हो सकती है. सूचना के आधार पर तारबंदी के पास निगरानी और बढ़ा दी गयी. इसी बीच जवानों ने देखा कि तीन संदिग्ध लोग भारतीय सीमा के पास तारबंदी के पास बनी ट्रेंच में छिपते हुए बांग्लादेश की ओर बढ़ रहे थे. उसी समय, एक अन्य तस्कर बांग्लादेश की ओर से कुछ पैकेट भारतीय सीमा में फेंकता दिखाई दिया. जैसे ही भारतीय तस्कर उन पैकेटों को उठाने के लिए आगे बढ़े, पहले से तैनात बीएसएफ जवानों ने उन्हें घेरने का प्रयास किया. बीएसएफ जवानों की मौजूदगी भांपते ही तस्कर समीप के घनी आबादी वाले बानपुर गांव की ओर भागने लगे. घटनास्थल के आसपास आबादी के कारण जवानों ने किसी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र के प्रयोग से परहेज करते हुए उनका पीछा किया, परंतु काफी मशक्कत के बाद भी उनको पकड़ने में कामयाबी नहीं मिल सकी. हालांकि, इस घटना के तुरंत बाद उस इलाके में एक तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें तीन प्लास्टिक में लिपटे पैकेट से 12 सोने की बिस्कुट बरामद किये गये.

इसी दिन एक दूसरी बड़ी कार्रवाई के दौरान उत्तर 24 परगना में बीएसएफ की 143वीं वाहिनी की सीमा चौकी तराली के जवानों ने करीब 10.83 किलोग्राम चांदी के आभूषणों के साथ एक भारतीय तस्कर को उस समय गिरफ्तार किया, जब वह उन आभूषणों को मोटरसाइकिल की तेल की टंकी में छिपा कर सीमा चौकी तराली के चेक पोस्ट नित्यानंदकाठी से ले जाने का प्रयास कर रहा था. जब्त किये गये चांदी की कीमत लगभग 8.36 लाख रुपये आंकी गयी है. बरामद किये गये सोने के बिस्कुटों व चांदी के आभूषणों को संबंधित विभाग को सौंप दिया गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sandip tiwari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >