Kharagpur News: पश्चिम मेदिनीपुर जिले के घाटाल में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए बुलडोजर की मदद से सरकारी जमीन और फुटपाथ पर बने अवैध कब्जे हटा दिये. इस दौरान कई अस्थायी दुकानों और अवैध ढांचों को ध्वस्त कर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया.
प्रशासन के अनुसार, लंबे समय से सरकारी जमीन और सड़क किनारे फुटपाथ पर अवैध रूप से दुकानें तथा अन्य निर्माण कर कब्जा किया गया था. इससे आम लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही थी और यातायात भी प्रभावित हो रहा था. कई बार चेतावनी और नोटिस दिये जाने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाये जाने पर यह कार्रवाई की गयी.
अभियान के दौरान बुलडोजर की सहायता से अवैध निर्माण हटाये गये. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे. सुरक्षा के व्यापक इंतजामों के बीच पूरे अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया.
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. भविष्य में भी अतिक्रमण के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी. साथ ही लोगों से अपील की गयी कि वे सरकारी भूमि और फुटपाथ पर अवैध निर्माण या अतिक्रमण करने से बचें तथा नियमों का पालन करें.
