कोलकाता से अमित कुमार सिंह की रिपोर्ट
Fine City: पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर शहर को स्वच्छ व प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए राज्य सरकार ने सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी व कूड़ा-कचरा फैलानेवालों के खिलाफ सख्ती की तैयारी शुरू कर दी है. सड़कों, बस स्टैंडों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा फेंकने या पान की पीक थूकनेवालों से जुर्माना वसूला जायेगा. मंगलवार सुबह नगर निगम एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने सिटी सेंटर बस स्टैंड में झाड़ू लगा कर स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया.
एक सितंबर से सख्त कार्रवाई
अग्निमित्रा पाल ने कई दुकानों के सामने जमा कचरा साफ किया और दुकानदारों से परिसर स्वच्छ रखने की अपील की. उन्होंने बस स्टैंड से सटे गैरेजों का निरीक्षण कर कर्मचारियों से कचरा सड़क या नालियों में नहीं फेंकने को कहा. बस चालकों और परिवहन कर्मियों को भी स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया. मंत्री ने आगे कहा कि एक सितंबर से साक्ष्य के आधार पर गंदगी फैलानेवालों के खिलाफ कार्रवाई होगी और जुर्माना 100 रुपये से शुरू होगा. उन्होंने कहा कि गंदगी से डेंगू समेत कई बीमारियों व रोगों का खतरा बढ़ता है. इसी उद्देश्य से 15 जून से 20 जून तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
घर-घर पहुंचेगी वेस्ट कलेक्शन बकेट
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व तृणमूल सरकार के समय मिशन निर्मल बांग्ला परियोजना में अनियमितताएं हुई थीं. मंत्री ने अधिकारियों को प्रत्येक घर तक नई वेस्ट कलेक्शन बकेट पहुंचाने और स्रोत स्तर पर कचरे के पृथक्करण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि निर्मल बंधु और निर्मल साथी स्वच्छ बंगाल के निर्माण में सराहनीय भूमिका निभा रहे हैं तथा इसमें आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है.
Also Read: बंगाल : ‘हिसाब बताओ या अंडे खाओ’, गुस्सायी महिलाओं को देख भाग गये तृणमूल नेता
