Falta TMC Jahangir Khan Singham vs Pushpa: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से ठीक पहले दक्षिण 24 परगना का फालता इलाका किसी फिल्मी सेट में तब्दील हो गया. निर्वाचन आयोग द्वारा तैनात उत्तर प्रदेश कैडर के चर्चित आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा, जिन्हें ‘सिंघम’ और ‘एनकाउंटर स्पेशलिस्ट’ के नाम से जाना जाता है, उनके दौरे को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है.
देर रात रेड से नाराज टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान
फालता से तृणमूल कांग्रेस (TMC) उम्मीदवार जहांगीर खान ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए फिल्मी अंदाज में पलटवार किया है. जहांगीर खान ने कहा मंगलवार को कहा- अगर वह सिंघम हैं, तो मैं पुष्पा हूं. डराने की कोशिश की, तो झुकेगा नहीं.
रात के अंधेरे में ‘सिंघम’ की एंट्री और हंगामा
अधिकारियों के मुताबिक, आईपीएस अजय पाल शर्मा सोमवार देर रात दल-बल के साथ टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान के आवास और चुनाव कार्यालय पहुंचे थे. निर्वाचन आयोग को सूचना मिली थी कि खान के समर्थक मतदाताओं के पहचान पत्र (Voter ID) जमा कर रहे हैं और उन्हें डरा-धमका रहे हैं.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
टीएमसी समर्थकों ने आईपीएस के खिलाफ किया प्रदर्शन
शर्मा ने मौके पर कहा कि वह मतदाताओं को डराने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं करेंगे. शिकायत मिलने पर तत्काल कठोर एक्शन लेंगे. शर्मा के वहां पहुंचते ही टीएमसी समर्थकों ने उन्हें घेर लिया और ‘जय बांग्ला’ के नारे लगाते हुए उनके खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया.
इसे भी पढ़ें : बंगाल चुनाव में अब तक 532.88 करोड़ की जब्ती, बम-बारूद भी बरामद, पढ़ें पूरी रिपोर्ट
जहांगीर खान का फिल्मी पलटवार- यह बंगाल है
घटना के बाद जहांगीर खान ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह भाजपा की ओर से तैनात पुलिस अधिकारियों के दबाव में नहीं आयेंगे. उन्होंने कहा- अगर वह ‘सिंघम’ हैं, तो मैं ‘पुष्पा’ हूं. फालता में यूपी के पुलिस अधिकारियों की किसी भी धमकी या दबाव को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. लोकतांत्रिक व्यवस्था में रात में आकर कार्यकर्ताओं पर दबाव डालना स्वीकार्य नहीं है.
TMC मंत्रियों ने घेरा, महुआ मोइत्रा ने टैग किया डांस वीडियो
फालता की इस घटना ने कोलकाता तक सियासी पारा चढ़ा दिया है. ममता बनर्जी सरकार के मंत्रियों ने पुलिस अधिकारी की भूमिका पर सवाल उठाये हैं. मंत्री चंद्रिमा ने कहा कि ‘एनकाउंटर स्पेशलिस्ट’ के नाम से मशहूर अधिकारी रात में किसी के घर जाकर धमकी कैसे दे सकते हैं? क्या उन्हें शांति भंग करने के लिए लाया गया है?
इसे भी पढ़ें : चुनाव के बीच पुलिस ऑब्जर्वर पर कलकत्ता हाईकोर्ट सख्त, आयोग से कहा- TMC की शिकायत पर कार्रवाई करें
अरूप विश्वास की चेतावनी और महुआ मोईत्रा का तंज
मंत्री अरूप विश्वास ने कहा कि पर्यवेक्षकों को तटस्थ रहना चाहिए. संवैधानिक सीमाओं को लांघने पर कानूनी चुनौती दी जायेगी. तृणमूल सांसद महुआ मोईत्रा ने ‘एक्स’ पर एक व्यक्ति का पब में नाचते हुए वीडियो साझा किया और उसे आईपीएस शर्मा को टैग करते हुए लिखा- उम्मीद है कि आपका पुलिस कौशल आपके नृत्य कौशल से बेहतर होगा.
Falta TMC: स्वतंत्र चुनाव के लिए 95 पर्यवेक्षक तैनात
निर्वाचन आयोग ने कहा है कि अजय पाल शर्मा उन 95 पर्यवेक्षकों में शामिल हैं, जिन्हें स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गयी है. मतदान से पहले डराने-धमकाने की किसी भी गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी. डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाली फालता सीट पर 29 अप्रैल को होने वाला मतदान अब काफी संवेदनशील हो गया है.
इसे भी पढ़ें
बंगाल चुनाव 2026: दूसरे चरण की वोटिंग से पहले भारत-बांग्लादेश बॉर्डर सील, जानें किनको मिलेगी छूट
