कोलकाता. आरजी कर अस्पताल कांड के खिलाफ द ज्वाइंट प्लेटफॉर्म ऑफ डॉक्टर्स, पश्चिम बंगाल के बैनर तले चिकित्सकों का धरना प्रदर्शन जारी है और हाइकोर्ट ने इसकी समय सीमा को बढ़ा कर 31 दिसंबर कर दिया है. गौरतलब है कि हाइकोर्ट के आदेश पर चिकित्सकों ने धर्मतला में डोरिना क्रॉसिंग पर प्रदर्शन किया और गुरुवार को इसकी अंतिम तारीख थी. चिकित्सकों के संगठन ने कोलकाता पुलिस को पत्र लिख कर डोरिना क्रॉसिंग में धरना प्रदर्शन की समय-सीमा बढ़ाने का आवेदन किया था, लेकिन पुलिस द्वारा अनुमति नहीं मिलने पर संगठन ने कलकत्ता हाइकोर्ट का रुख किया था, जिस मामले पर सुनवाई करते हुए हाइकोर्ट ने चिकित्सकों के संगठन को 31 दिसंबर तक धरना प्रदर्शन की अनुमति दे दी है. हालांकि, न्यायाधीश प्रसेनजीत विश्वास ने चिकित्सकों को सुबह 10 बजे से रात नौ बजे तक धरना प्रदर्शन की अनुमति दी है. गुरुवार को सुनवाई के दौरान डॉक्टर फोरम के वकील विकास रंजन भट्टाचार्य ने कहा कि हमने कोलकाता पुलिस के समक्ष 26 दिसंबर के बाद भी कार्यक्रम जारी रखने की अनुमति देने का अनुरोध किया, लेकिन पुलिस ने इसकी इजाजत नहीं दी. इसलिए हमने अब हाइकोर्ट का रुख किया है. उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करना किसी भी व्यक्ति या संगठन का मौलिक अधिकार है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
