खास बातें
Dharmendra Pradhan in Bengal: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को पश्चिम बगाल की राजधानी कोलकाता में प्रदेश भाजपा के शिक्षक सेल के कार्यक्रम को संबोधित किया. कहा कि राज्य की स्कूली शिक्षा व्यवस्था को बेहतर करना होगा. तृणमूल कांग्रेस ने यहां की शिक्षा व्यवस्था को रसातल में पहुंचा दिया है. यहां भाजपा के सत्ता में आने के बाद शिक्षा व्यवस्था में सुधार करेंगे. उन्होंने कहा कि बंगाल में शिक्षा के विकास के लिए केंद्र सरकार हरसंभव मदद करने को तैयार है. आश्चर्य की बात है कि राज्य सरकार मदद लेने के लिए तैयार नहीं है.
देश में सबसे ज्यादा शिक्षकविहीन स्कूल बंगाल में
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि यहां की तृणमूल कांग्रेस सरकार ने राज्य में राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू नहीं किया. इसकी वजह से बंगाल करीब 10 हजार करोड़ रुपए के फंड से वंचित रह गया. शिक्षा मंत्री ने कहा कि देश में सबसे ज्यादा शिक्षकविहीन स्कूल बंगाल में हैं. ऐसे स्कूलों की संख्या लगभग 4,000 है. देश के 70 प्रतिशत स्कूलों में इंटरनेट है. बंगाल के सिर्फ 16 प्रतिशत स्कूलों में इंटरनेट की सुविधा है. यहां योग्य शिक्षक सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं.
सत्ता में आये, तो शिक्षकों व छात्रों के लिए उठाये जायेंगे कई कदम
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा कि बार-बार कहने के बाद भी राष्ट्रीय शिक्षा नीति को राज्य में लागू नहीं किया गया. इस नीति में मातृभाषा यानी बांग्ला भाषा में अध्ययन की बात कही गयी है. धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि राज्य में भाजपा सत्ता में आती है, तो यहां के शिक्षकों और छात्रों के लिए कई कदम उठाये जायेंगे.
घुसपैठ के मुद्दे पर बंगाल सरकार पर साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि पश्चिम बंगाल में घुसपैठ एक गंभीर मुद्दा है. राज्य को घुसपैठियों के हवाले किया जा रहा है. केंद्रीय मंत्री ने केंद्र की ‘पूर्वोदय’ विकास विजन का भी जिक्र किया. कहा कि भारत की समग्र प्रगति पूर्वी राज्यों के उत्थान पर निर्भर है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस दृष्टिकोण को सामने रखने का श्रेय देते हुए उन्होंने कहा कि कोलकाता पूर्वोदय की राजधानी है. पूर्व के विकास की पहली किरण कोलकाता से आनी चाहिए.
बंगाल की खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
तृणमूल पर बंगाल को घुसपैठियों के हवाले करने का आरोप
धर्मेंद्र प्रधान ने आरोप लगाया कि तृणमूल सरकार बंगाल को घुसपैठियों के हवाले करने और बंग भंग जैसी स्थिति को आमंत्रित करने की योजना बना रही है. ओडिशा भी इससे प्रभावित हुआ है. केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार चरम पर है, जबकि गरीबी देश को नुकसान पहुंचा रही है.
बंगाल में आ गया है सत्ता परिवर्तन का समय
तृणमूल कांग्रेस सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने सत्ता परिवर्तन की अपील की. उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने प्रशासन को भ्रष्टाचार और घुसपैठ के हवाले कर दिया है. उन्होंने कहा कि बंगाल में इस भ्रष्ट सरकार को हटाने का समय आ गया है. उन्होंने लोगों से भाजपा के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार बनाने की दिशा में काम करने का आह्वान किया.
पश्चिम बंगाल के बजट की आलोचना
धर्मेंद्र प्रधान ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बजट की भी आलोचना की. आरोप लगाया कि यह आम जनता से अधिक घुसपैठियों और मदरसों के लिए है. इसी कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यदि भाजपा पश्चिम बंगाल में सत्ता में आती है, तो वह राज्य के कर्मचारियों की प्रमुख मांगों को पूरा करेगी, जिनमें लंबित महंगाई भत्ते (डीए) का भुगतान, सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों का क्रियान्वयन और आठवें वेतन आयोग का गठन शामिल है.
इसे भी पढ़ें
एसआईआर पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश में पश्चिम बंगाल सरकार की शिकायतों की हुई अनदेखी : चिदंबरम
बंगाल में 2.15 करोड़ बेरोजगार, 6 लाख पद खत्म, ममता बनर्जी सरकार पर शुभेंदु अधिकारी का हमला
