बांग्लादेश की बंगाल से तुलना उकसावे की राजनीति, मालवीय पर हो कार्रवाई

बांग्लादेश में जारी हिंसा की घटनाओं को लेकर पश्चिम बंगाल की बांग्लादेश से तुलना करने पर तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा के आइटी सेल प्रमुख और बंगाल के सह-प्रभारी अमित मालवीय पर गंभीर आरोप लगाये हैं.

कोलकाता. बांग्लादेश में जारी हिंसा की घटनाओं को लेकर पश्चिम बंगाल की बांग्लादेश से तुलना करने पर तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा के आइटी सेल प्रमुख और बंगाल के सह-प्रभारी अमित मालवीय पर गंभीर आरोप लगाये हैं. तृणमूल का कहना है कि हिंसक घटनाओं के वीडियो साझा कर बंगाल में अशांति फैलाने और राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश की जा रही है. पार्टी के प्रदेश महासचिव कुणाल घोष ने मालवीय के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की मांग की है.बांग्लादेश में इंकलाब मंच के नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद हालात बिगड़े हैं. ढाका, चटगांव समेत कई इलाकों में शोक जुलूस और विरोध प्रदर्शन हुए. रात बढ़ने के साथ प्रदर्शन हिंसक हो गये. आरोप है कि उग्र प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश के प्रमुख अखबार ‘प्रथम आलो’ और ‘डेली स्टार’ के दफ्तरों पर हमला किया और ढाका के सांस्कृतिक केंद्र में तोड़फोड़ की. तृणमूल के अनुसार, इन्हीं घटनाओं के वीडियो (जिसकी सत्यता की पुष्टि प्रभात खबर ने नहीं की है) साझा कर अमित मालवीय ने कथित तौर पर दावा किया कि बांग्लादेश में अराजकता की जो स्थिति है, वही भविष्य में बंगाल का हाल हो सकता है. उन्होंने कथित तौर पर यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के शासन में कट्टरता को बढ़ावा मिल रहा है और 2026 के बाद हालात नियंत्रण से बाहर हो जायेंगे. तृणमूल ने इन बयानों को भड़काऊ करार दिया है. पार्टी के प्रदेश महासचिव घोष ने कहा कि बांग्लादेश की घटनाओं से बंगाल की तुलना करना न केवल राज्य का अपमान है, बल्कि जानबूझकर उकसावे की राजनीति है. उन्होंने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय मामला है और केंद्र सरकार को तुरंत स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए. साथ ही बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों, भारतीय नागरिकों और मीडिया कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए.

तृणमूल नेता जयप्रकाश मजूमदार ने भी भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल की तुलना बांग्लादेश से करना पूरी तरह निराधार और भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा धर्म के आधार पर बंगाली समाज को बांटने की कोशिश कर रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AKHILESH KUMAR SINGH

AKHILESH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >