BJP Sankalp Patra Rs 3000: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में महिला वोट बैंक पर राजनीतिक जंग चरम पर है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्य की महिलाओं को प्रतिमाह 3,000 रुपए देने के वादे पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने पलटवार किया है. टीएमसी ने एक आधिकारिक बयान जारी कर भाजपा की इस घोषणा को ‘पोंजी स्कीम’ करार दिया. कहा कि इसका उद्देश्य बंगाल की महिलाओं को केवल धोखा देना है. तृणमूल ने आंकड़ों और अन्य राज्यों के उदाहरणों के जरिये भाजपा की ‘चुनावी गारंटी’ की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े किये हैं.
TMC ने दिल्ली से महाराष्ट्र तक गिनाये भाजपा के वादे
तृणमूल कांग्रेस ने तीन राज्यों का विशेष उल्लेख करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला. पार्टी के वादों को ‘विफल’ करार दिया.
- दिल्ली का हवाला : टीएमसी का आरोप है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली चुनाव से पहले महिलाओं को वित्तीय सहायता का वादा किया था, लेकिन आज तक एक रुपया किसी खाते में नहीं पहुंचा.
- महाराष्ट्र का ‘कट’ मॉडल : महाराष्ट्र का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने वहां 1,500 रुपए का वादा किया, लेकिन सत्ता में आते ही 90 लाख लाभार्थियों के नाम सूची से काट दिये गये.
- बिहार में ‘बुलडोजर’ राजनीति : टीएमसी ने आरोप लगाया कि बिहार में चुनाव से पहले 10,000 रुपए ट्रांसफर कर आचार संहिता का उल्लंघन किया गया. नतीजे आने के बाद उन्हीं महिलाओं के घरों पर बुलडोजर भेज दिये गये.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लक्ष्मी भंडार बनाम भाजपा का वादा
ममता बनर्जी की महत्वाकांक्षी योजना ‘लक्ष्मी भंडार’ को ढाल बनाते हुए टीएमसी ने कहा कि बंगाल की 2.42 करोड़ महिलाओं को हर महीने बिना किसी शर्त और बिना किसी कटौती के उनके हक का पैसा मिल रहा है. तृणमूल ने कहा कि बंगाल की माताओं-बहनों को अपने हक के लिए किसी से भीख मांगने की जरूरत नहीं है, क्योंकि ‘मां-माटी-मानुष’ की सरकार सीधे उनके बैंक खातों में पैसे भेज रही है.
भाजपा सिर्फ वादा करती है, टीएमसी काम करती है
टीएमसी ने अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल पर कहा कि भाजपा की योजनाएं केवल कागज पर होती हैं और चुनाव खत्म होते ही गायब हो जाती हैं. टीएमसी ने नारा बुलंद करते हुए कहा- भाजपा सिर्फ वादे करती है. मां-माटी-मानुष की सरकार काम करके दिखाती है.
इसे भी पढ़ें
अभिषेक बनर्जी बोले- मुर्शिदाबाद में BJP के 3 एजेंट, हुमायूं कबीर और अधीर रंजन भगवा खेमे का मोहरा
