हुगली जिले के चांपदानी स्थित आर्य विद्यापीठ की घटना हुगली. जिले के चांपदानी स्थित आर्य विद्यापीठ की कक्षा 10 के छात्र अभिनव जालान (15) की सहपाठी की पिटाई से मौत हो गयी. घटना तनाव व्याप्त हो गया. घटनास्थल पर डीसीपी चंदननगर अलकनंदा भवाल और एसीपी सुमन बंद्योपाध्याय ने स्थिति को नियंत्रित किया. जानकारी के अनुसार, बुधवार को स्कूल में कक्षा चल रही थी. उसी दौरान कक्षा 10 के दो छात्रों के बीच किसी बात पर झगड़ा हो गया. इसी बीच, एक छात्र ने अभिनव के सीने पर घूंसा मारा, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा. शिक्षक और स्थानीय लोग तुरंत उसे टोटो से चंदननगर के गौरहाटी इएसआइ अस्पताल ले गये, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही भद्रेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तनाव फैलने से रोका. स्कूल के प्रधानाचार्य बीके झा ने बताया कि घटना के समय वे स्कूल में मौजूद नहीं थे, क्योंकि माध्यमिक परीक्षा की वजह से परीक्षा केंद्र, जो दूसरे स्कूल में पड़े है, गये थे. खबर मिलते ही वे अस्पताल पहुंचे. उन्होंने सुना कि कक्षा के ही दो छात्रों के बीच झगड़ा हुआ था. पुलिस ने आरोपी छात्र को हिरासत में लिया है. घटना चांपदानी नगरपालिका के तीन नंबर वार्ड में हुई. वर्तमान पार्षद प्रियंका गुप्ता के पति तथा पूर्व पार्षद विक्रम गुप्ता ने बताया कि स्कूल में झगड़ा हुआ, जिसमें एक छात्र बेहोश हो गया. जब हमें जानकारी मिली, तो हम उसे टोटो से अस्पताल ले गये, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका. मृत छात्र अभिनव जालान का घर पांच नंबर वार्ड में है. वहां के पार्षद विक्रम साव ने इसे बेहद दुखद घटना बताया. उन्होंने कहा कि छह महीने पहले अभिनव की बड़ी बहन की हृदयाघात से मृत्यु हुई थी और अब उसके परिवार को यह दूसरा आघात सहना पड़ा. उन्होंने इस मामले में दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की.मृतक के पिता गणेश जालान ने कहा, स्कूल चलने के दौरान शिक्षकों के सामने छात्र झगड़ा कैसे कर सकते हैं? इसका मतलब है कि शिक्षक छात्र पर ध्यान नहीं देते है या फिर स्कूल में पढ़ाई नहीं होती है. मेरे बेटे की मौत के लिए जो भी जिम्मेदार है, उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए. इस घटना से स्कूल परिसर में भारी तनाव फैल गया. हालात को काबू में करने के लिए एसीपी सुमन बंद्योपाध्याय और चंदननगर के डीसीपी अलकनंदा भवाल मौके पर पहुंचे. स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग किया. घटना के करीब चार घंटे बाद, पुलिस ने स्कूल में फंसे शिक्षकों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें उनके घर पहुंचने में मदद की.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
