कोलकाता. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता व वरिष्ठ अधिवक्ता कौस्तुभ बागची ने राज्यपाल सीवी आनंद बोस के समक्ष मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ एक शिकायत दर्ज करायी है. भाजपा नेता ने अपनी शिकायत में मुख्यमंत्री द्वारा विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी को कथित रूप से धमकी देने वाली टिप्पणी पर राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग की है. हाइकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता कौस्तुभ बागची ने विधानसभा में मंगलवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भाषण के एक हिस्से का हवाला देते हुए राज्यपाल कार्यालय में शिकायत दर्ज करायी है. इसमें सीएम ममता बनर्जी को शुभेंदु अधिकारी के बारे में यह कहते हुए सुना गया : आप एक खास समुदाय के बारे में बहुत गलत बातें फैला रहे हैं. अब अगर वे किसी दिन आंदोलन का आह्वान करते हैं, तो क्या आप उसे संभाल पायेंगे? कौस्तुभ बागची ने उस विशेष वीडियो क्लिपिंग को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया और सवाल उठाया : क्या मुख्यमंत्री चरमपंथियों की ओर से विपक्ष के नेता को धमका रही हैं? इसके बाद उन्होंने राज्यपाल कार्यालय को एक पत्र भेज कर इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है. मंगलवार को विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने भी मुख्यमंत्री की इन टिप्पणियों के लिए उनकी तीखी आलोचना की थी. विपक्ष के नेता ने पत्रकारों से कहा था कि उन्होंने (ममता ने) सवाल किया कि अगर एक विशेष समुदाय के लोग मेरे खिलाफ एकजुट हो गये, तो क्या होगा? मैं सदन में मुख्यमंत्री के बयान की वीडियो क्लिपिंग के साथ इस तरह की धमकी के बारे में केंद्रीय गृह मंत्रालय को रिपोर्ट करूंगा. कलकत्ता हाइकोर्ट के आदेश के बाद मुझे सुरक्षा प्रदान की जा रही है. मैं मुख्यमंत्री को ऐसे भड़काऊ बयान देने से रोकने के लिए कलकत्ता हाइकोर्ट में याचिका भी दायर करूंगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
