देश भर के रेलवे स्टेशनों पर गूंज रहे छठी मईया के गीत

मधुर गीतों की स्वर लहरियां यात्रियों के मन में भक्ति, सुकून और अपनापन की भावनाएं भर रही हैं

नयी दिल्ली/कोलकाता. देशभर के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर शुक्रवार से छठी मईया के मधुर गीत गूंजने लगे हैं, जिनकी स्वर लहरियां यात्रियों के मन में भक्ति, सुकून और अपनेपन की भावनाएं भर रही हैं. रेल मंत्रालय ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को छठ महापर्व की भावना से जोड़ना है, ताकि उनका सफर और अधिक सुखद, आनंदमय व आरामदायक बन सके. मंत्रालय की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया, ‘छठ पर्व के दौरान रेलवे स्टेशनों पर इन गीतों को बजाने का उद्देश्य यात्रियों को पर्व की भावना से जोड़ना तथा उनकी यात्रा को और भी सुखद बनाना है.’ इसमें कहा गया, ‘पटना, दानापुर, हाजीपुर, भागलपुर, जमालपुर, सोनपुर, नयी दिल्ली, गाजियाबाद और आनंद विहार टर्मिनल जैसे 30 प्रमुख स्टेशनों पर ये गीत यात्रियों को अपने घर और संस्कृति की खुशबू का अनुभव करा रहे हैं.’

अधिकारियों ने बताया कि रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की हैं, जिसके तहत प्रमुख स्टेशनों पर ‘होल्डिंग एरिया’ बनाये गये हैं, जहां यात्री सुविधाजनक तरीके से अपनी ट्रेन का इंतजार कर सकते हैं. मंत्रालय ने कहा, ‘इसके अलावा, स्टेशन पर आरपीएफ कर्मियों की तैनाती और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी समेत सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये हैं.’ रेलवे की एक विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘पर्व के बाद अपने कार्यस्थलों पर लौटने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए 28 अक्तूबर से नवंबर तक 6,181 विशेष ट्रेन चलाई जायेंगी.’ इसमें कहा गया, ‘बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए मौजूदा सेवाओं में अतिरिक्त कोच भी जोड़े जा रहे हैं. यात्रियों की भारी आमद को नियंत्रित करने और रेलगाड़ियों के प्रस्थान से पहले सुविधाजनक प्रतीक्षालय प्रदान करने के लिए प्रमुख स्टेशनों पर ‘होल्डिंग एरिया’ बनाये जा रहे हैं.’ जिन स्टेशनों पर ‘होल्डिंग एरिया’ बनाये जा रहे हैं उनमें बिहार के पटना, दानापुर, राजेंद्र नगर टर्मिनल, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गया, समस्तीपुर, बरौनी आदि और उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, बलिया और बनारस शामिल हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GANESH MAHTO

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >