बंगाल में CAA का काम होगा तेज, अमित शाह ने गठित की दो और समिति

CAA in Bengal: नागरिकता चाहनेवालों की बढ़ी संख्या को देखते हुए केंद्र सरकार ने आवेदनों को जल्द से जल्द निबटाने का फैसला किया है.

CAA in Bengal: कोलकाता/नयी दिल्ली. पश्चिम बंगाल में नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के काम और तेज किया जायेगा. केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इसके तहत भारतीय नागरिकता मांगने वाले आवेदनों पर निर्णय लेने के मकसद से दो और अधिकार प्राप्त समितियों का गठन किया. एक सरकारी आदेश में यह जानकारी दी गई. अधिकारियों ने बताया कि राज्य में पहले से ही ऐसी दो समितियां हैं, लेकिन बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त होने के मद्देनजर दो अतिरिक्त समितियों के गठन का निर्णय लिया गया.

उप सचिव स्तर के अधिकारी करेंगे अध्यक्षता

इस नव गठित समिति की अध्यक्षता भारत सरकार के उप सचिव स्तर के या उससे उच्च रैंक के अधिकारी द्वारा की जाएगी. उस अधिकारी को भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त द्वारा नामित किया जाएगा. मंत्रालय ने सोमवार को जारी एक राजपत्र अधिसूचना में कहा कि प्रत्येक अधिकार प्राप्त समिति में भारत सरकार के कम से कम अवर सचिव के पद या उससे उच्च रैंक के सहायक खुफिया ब्यूरो के एक अधिकारी समेत अन्य रैंक के अधिकारी भी शामिल हैं. समिति में पश्चिम बंगाल के महा डाकपाल या उनके द्वारा नामित एक डाक अधिकारी भी शामिल होंगे.

पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

2024 में बनी थी पहली समिति

इससे पहले 11 मार्च 2024 को जारी एक अधिसूचना के अनुसार, सीएए के तहत गठित अधिकृत समिति की अध्यक्षता निदेशक (जनगणना संचालन) कर रहे थे. इसमें सात अन्य सदस्य हैं. केंद्र सरकार ने 11 मार्च 2024 को नागरिकता (संशोधन) अधिनियम, 2019 को लागू किया और संसद द्वारा इस विवादास्पद कानून को पारित किए जाने के चार साल बाद नियमों को अधिसूचित किया गया. इसका उद्देश्य पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से आए उन गैर-मुस्लिम प्रवासियों को नागरिकता प्रदान करने की प्रक्रिया को तेज करना है, जो 31 दिसंबर 2014 से पहले भारत में प्रवेश कर चुके थे.

Also Read: शुभेंदु अधिकारी के चैलेंज पर बोली ममता बनर्जी, भवानीपुर से मुझे हराना संभव नहीं

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ashish Jha

डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >