जामुड़िया से रमेश द्विवेदी और अमित सिंह की रिपोर्ट
Bulldozer : जामुड़िया के चपुई खास कोलियरी क्षेत्र में ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (इसीएल) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तृणमूल कांग्रेस नेता एवं रानीगंज पंचायत समिति के पूर्व सभापति विनोद नोनिया के कार्यालय भवन को बुलडोजर चला कर ध्वस्त कर दिया. इसीएल का दावा है कि यह निर्माण उसकी भूमि पर किया गया था. कड़ी सुरक्षा के बीच बुलडोजर के सहारे पूरे कार्यालय भवन को जमींदोज कर दिया गया. घटना के बाद पूरे इलाके में इसकी चर्चा होती रही.
विवादों में रहा है कार्यालय
संबद्ध जमीन पर लंबे समय से अतिक्रमण की शिकायतें सामने आ रही थीं. कुछ दिन पहले राजनीतिक माहौल में बदलाव के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने इस कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया था. उस दौरान कार्यालय में तोड़फोड़ की गयी थी और वहां रखे गये फर्नीचर व अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया गया था. तब कार्यालय परिसर से कुछ दस्तावेज व मतदाता पहचान-पत्रों की प्रतियां मिलने की भी चर्चा हुई थी.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
जमीन की बंदोबस्ती पर बहस तेज
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में एक नयी बहस छिड़ गयी है. स्थानीय लोगों का सवाल है कि यदि निर्माण वास्तव में इसीएल की जमीन पर था, तो इतने वर्षों तक इसके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गयी. कई सामाजिक संगठनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच तथा जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की समीक्षा की मांग की है. फिलहाल इसीएल की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की बड़ी पहल के रूप में देखा जा रहा है, वहीं इसके राजनीतिक प्रभावों पर भी सुगबुगाहट तेज है.
Also Read: तारातला हादसा : कालीचरण गिरफ्तार, फिरहाद के पूर्व ओसीडी से पुलिस कर रही पूछताछ
