अग्निमित्रा पाल ने राज्य में महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाया हुगली. चंदननगर के जीटी रोड स्थित बागबाजार मोड़ पर सोमवार को भाजपा के कार्यकर्ताओं ने सड़क अवरोध कर विरोध प्रदर्शन किया. यह प्रदर्शन चंदननगर के नाड़ुआ रायपाड़ा की निवासी कलाकार सुतंद्रा चटर्जी की सड़क दुर्घटना में हुई मौत के विरोध में किया गया. पार्टी नेताओं का आरोप है कि यह केवल दुर्घटना नहीं बल्कि हत्या है, जिसे पुलिस गलत तरीके से महज एक हादसे के रूप में दिखा रही है. भाजपा राज्य सचिव एवं विधायक अग्निमित्रा पाल चंदननगर पहुंचीं और मृतका की मां से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा, एक महिला क्या कर सकती है जब मनचले उसका पीछा करेंगे? वह अपनी जान बचाने के लिए भागेगी, और इसी वजह से यह हादसा हुआ. यह केवल दुर्घटना नहीं बल्कि हत्या है. उन्होंने राज्य में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार योजनाएं तो बना रही है, लेकिन जब महिलाएं ही सुरक्षित नहीं हैं तो उन योजनाओं का क्या लाभ? उन्होंने इस मामले में पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए बुधवार को कांकसा थाने के घेराव की घोषणा की. इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा के राज्य सचिव दीपांजन गुहा और हुगली सांगठनिक जिला अध्यक्ष तुषार मजूमदार ने किया. उनके साथ पार्टी के सचिव सुरेश साव सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध जताया और दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की. करीब एक घंटे तक चले इस प्रदर्शन के बाद चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और यातायात बाधित होने के कारण प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया. पुलिस के हस्तक्षेप के बाद जीटी रोड पर यातायात बहाल किया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
