स्ट्रांग रूम की सीसीटीवी निगरानी पर सवाल, ममता के मंत्री ने आयोग को लिखी चिट्ठी

Bengal Elections: पत्र में कई जिलों में कैमरे बंद होने का आरोप लगाया गया है. साथ ही पारदर्शिता व इवीएम सुरक्षा पर चिंता जतायी गयी है.

Bengal Elections: कोलकाता. राज्य की उद्योग मंत्री और तृणमूल कांग्रेस की वरिष्ठ नेता डॉ शशि पांजा ने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर स्ट्रांग रूम में सीसीटीवी निगरानी में आ रहीं बाधाओं पर गंभीर चिंता जतायी है. उन्होंने कहा कि यह मामला चुनावी पारदर्शिता और इवीएम-वीवीपैट की सुरक्षा से सीधे जुड़ा हुआ है और इसे हल्के में नहीं लिया जा सकता. अपने पत्र में उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के विभिन्न जिलों में स्थित कई स्ट्रांग रूम में सीसीटीवी कैमरे बार-बार बंद हो रहे हैं या उनकी निगरानी बाधित हो रही है.

इन जगहों से आयी शिकायतें

तृणमूल कांग्रेस की वरिष्ठ नेता डॉ शशि पांजा ने कोलकाता, जलपाईगुड़ी, गाइघाटा, हरिपाल, सागरदीघी, रामपुरहाट और घाटाल समेत कई स्थानों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन इलाकों में कैमरों के ऑन-ऑफ होने और फुटेज बाधित होने की शिकायतें सामने आयी हैं. डॉ पांजा ने स्पष्ट किया कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार स्ट्रांग रूम में 24 घंटे निर्बाध सीसीटीवी निगरानी अनिवार्य है. इसके बावजूद लगातार गड़बड़ियां सामने आना सामान्य तकनीकी समस्या नहीं माना जा सकता और यह गंभीर लापरवाही का संकेत है.

पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं

तृणमूल कांग्रेस की वरिष्ठ नेता डॉ शशि पांजा ने अपने पत्र में मांग की है कि सभी स्ट्रांग रूम में सीसीटीवी खराबी की घटनाओं का पूरा ब्यौरा तैयार किया जाये. बिना किसी रुकावट के पूरी रिकॉर्डिंग उपलब्ध करायी जाये, सभी सिस्टम को तुरंत सुचारू किया जाये और अधिकृत प्रतिनिधियों को लगातार निगरानी की सुविधा दी जाये. डॉ पांजा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की गयी और उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो तृणमूल कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन शुरू करने को बाध्य होगी.

Also Read: बिधाननगर स्ट्रांग रूम के पास तनावपूर्ण स्थिति, तृणमूल-भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ashish Jha

डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >