मुख्य बातें
Bengal Election: कोलकाता: बंगाल विधानसभा चुनाव का प्रचार जोरों पर है. इस बार भवानीपुर सीट सबसे हॉट सीट है. यहां से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी आमने-सामने हैं. पिछले चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी को चुनाव में हरा दिया था. ऐसे में इस बार भी दोनों के बीच मुकाबला कांटे का माना जा रहा है. इसबीच, चुनावी क्षेत्र भवानीपुर में भाजपा और तृणमूल के बीच नया टकराव शुरू हो गया है. तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी का पार्टी कार्यालय सरकारी जमीन पर है और उसका निर्माण अवैध तरीके से हुआ है.
विवादित जमीन पर निर्माण पर है रोक
तृणमूल कांग्रेस ने इस संबंध में चुनाव आयोग से हस्तक्षेप की मांग करते हुए पत्र लिखा है. वार्ड नंबर 74 में विवादित जमीन पर सुनवाई चल रही है. उच्च न्यायालय ने वहां किसी प्रकार के निर्माण पर रोक लगा रखी है. तृणमूल का दावा है कि भाजपा उस आदेश का उल्लंघन करते हुए पार्टी कार्यालय का निर्माण कर रही है. यह आचार संहिता का उल्लंघन है. नतीजतन, अब भाजपा के इस नये चुनाव कार्यालय के निर्माण को लेकर विवाद शुरू हो गया है.
पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज
शुभेंदु अधिकारी का यह कार्यालय अलीपुर पुल के पास बनाया गया है. इस कार्यालय में दो वातानुकूलित हॉल और एक कमरा है. इस पूरे मामले पर शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी पर सीधा हमला किया है. उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा- ममता बनर्जी का घर अवैध है. पहले उनसे घर के दस्तावेज दिखाने को कहें, फिर मैं दिखाऊंगा. कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम कहते हैं- हमने पहले ही नोटिस जारी कर दिया है. हमने पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज करा दी है. यह जगह विवादित है. इसलिए, यह अवैध निर्माण है. आखिर यह सरकारी जमीन है. एक गुंडे ने इस पर कब्जा कर लिया था. अब भाजपा इस पर कब्जा करने की कोशिश कर रही है.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
भाजपा ने पार्टी कार्यकर्ता को बताया जिम्मेदार
दूसरी ओर, बंगाल भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार कहते हैं- मुझे उम्मीद है कि हमारा कार्यालय नियमों के अनुसार बना होगा. शुवेंदु दा ने यह अपने आप नहीं किया. पार्टी के लोगों ने किया है. हालांकि, कुणाल घोष ने व्यंग्य करना बंद नहीं किया. वे कहते हैं- यह सब गैरकानूनी है. वह नंदीग्राम से अवैध विधायक थे. उन्होंने चुनाव आयोग का इस्तेमाल करके नंदीग्राम में चुनाव में धांधली की. मामला अभी भी लंबित है. इस बार वह नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों जगह हारेंगे. उन्होंने भवानीपुर से उम्मीदवार बनकर गैरकानूनी काम शुरू किया.
Also Read: तृणमूल शिविर में कैरम खेलते मिले केंद्रीय बल जवान, चुनाव आयोग ने लिया एक्शन
