मुख्य बातें
Bengal Election: कोलकाता/बर्धमान. संतोष. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के तहत नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पश्चिम बर्धमान जिले की नौ विधानसभा सीटों के लिए गुरुवार को अंतिम उम्मीदवार सूची प्रकाशित कर दी गई. नामांकन प्रक्रिया 30 मार्च से शुरू हुई थी, जिसमें पंजीकृत राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों सहित कुल 91 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था. नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब नौ सीटों पर उम्मीदवारों की कुल संख्या घटकर 85 हो गई है.
दुर्गापुर पश्चिम में सबसे अधिक 14 उम्मीदवार
सीटवार स्थिति देखें तो पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र में 11 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं. दुर्गापुर पूर्व में 9, दुर्गापुर पश्चिम में सबसे अधिक 14, रानीगंज में 8, जमुरिया में 9, आसनसोल दक्षिण में 8, आसनसोल उत्तर में 13, कुल्टी में 6 और बाराबनी में 7 उम्मीदवार मैदान में हैं. इससे साफ है कि जिले की सभी सीटों पर बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा, जबकि दुर्गापुर पश्चिम और आसनसोल उत्तर में मुकाबला सबसे अधिक दिलचस्प रहने की संभावना है.
अधिकतर निर्दलीय ने लिया नाम वापस
नामांकन वापसी के दौरान विभिन्न सीटों से निर्दलीय और कुछ पंजीकृत दलों के उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस लिए. बाराबनी विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार मुकुल उपाध्याय, आसनसोल दक्षिण से निर्दलीय उम्मीदवार संजीत कुमार यादव और कुल्टी से आम जनता उन्नयन पार्टी के मोहम्मद ताहिर खान ने नामांकन वापस लिया. इन तीनों उम्मीदवारों के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं पाया गया. वहीं आसनसोल उत्तर से निर्दलीय उम्मीदवार मोहम्मद रिजवान, रानीगंज से निर्दलीय उम्मीदवार गोपाल चंद आचार्य और दुर्गापुर पूर्व से गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के मोहम्मद नियाज अहमद ने भी नामांकन वापस लिया.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
कई उम्मीदवार दागदार
जानकारी के अनुसार मोहम्मद रिजवान और गोपाल चंद आचार्य के खिलाफ आपराधिक पृष्ठभूमि पाई गई, जबकि मोहम्मद नियाज अहमद के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं था. प्रारंभिक नामांकन के दौरान पांडेश्वर से 11, दुर्गापुर पूर्व से 10, दुर्गापुर पश्चिम से 14, रानीगंज से 9, जमुरिया से 9, आसनसोल दक्षिण से 9, आसनसोल उत्तर से 14, कुल्टी से 7 और बाराबनी से 8 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था. अब अंतिम सूची जारी होने के साथ ही पश्चिम बर्दवान जिले की सभी नौ सीटों पर चुनावी मुकाबले की तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट हो गई है.
Also Read: मुस्लिम वोट का सौदा देख भावुक हुए फिरहाद, तृणमूल ने जारी किया हुमायूं का सनसनीखेज वीडियो
