दीपों से रोशन हुआ बाजे कदमतला घाट

महानगर के बाबू घाट से सटे बाजे कदमतला घाट पर बुधवार को देव दीपावली का भव्य आयोजन किया गया.

संवाददाता, कोलकाता

महानगर के बाबू घाट से सटे बाजे कदमतला घाट पर बुधवार को देव दीपावली का भव्य आयोजन किया गया. कोलकाता नगर निगम और जय चंडी ठाकुरानी ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में यह आध्यात्मिक और सांस्कृतिक उत्सव काफी धूमधाम से मनाया गया. यह आयोजन लगातार तीसरे वर्ष किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य घाट की स्वच्छता और भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देना है. शाम ढलते ही बाजे कदमतला स्थित गंगा घाट लगभग 30,000 मिट्टी के दीयों से जगमग हो गये. इसी के साथ शास्त्रोक्त विधि से भव्य गंगा आरती भी की गयी. इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद (भोग) का वितरण किया गया. देव दीपावली कार्यक्रम का उद्घाटन मेयर फिरहाद हकीम ने किया. कार्यक्रम में भारी संख्या में लोग उपस्थित हुए. इस मौके पर घाट पर करीब एक हजार लोगों के लिए बैठने की व्यवस्था की गयी थी. कार्यक्रम की भव्यता देखते ही बन रही थी.

बांधा घाट में भी देव दीपावली पर भव्य गंगा आरती का आयोजन : वहीं सेठ बंशीधर जालान स्मृति मंदिर (बंगेश्वर महादेव मंदिर) परिसर में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर हावड़ा के बांधाघाट में भव्य देव दीपावली एवं गंगा आरती का आयोजन बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ. इस अवसर पर ऋषिकेश के परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष परम पूज्य चिदानंद सरस्वती मुनि महाराज विशेष रूप से इस कार्यक्रम में सम्मिलित होने पधारे. उनके साथ परमार्थ निकेतन के वरिष्ठ बटुकों एवं विद्वानों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करायी.

कार्यक्रम में लक्ष्मी निवास बांगड़ एवं अलका बांगड़, मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी राधेश्याम गोयनका, सुधीर जालान सहित अन्य सम्माननीय अतिथिगणों ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ायी. संपूर्ण आयोजन सेठ बंशीधर जालान चैरिटी ट्रस्ट के प्रधान ट्रस्टी सुधीर जालान के संरक्षण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akhilesh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >