पेट्रोल छिड़क कर युवक को जलाने का आरोप

आरोपियों में सुमन बनर्जी उर्फ बागान, सुशांत दास और सागर नाम के तीन युवक शामिल हैं. घटना बुधवार की रात काली प्रतिमा विसर्जन के बाद हुई.

बैरकपुर. नागेरबाजार थाना क्षेत्र के बेदियापाड़ा के तारकनाथ कॉलोनी में एक युवक के शरीर पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगाने का आरोप दोस्तों पर लगा है. जख्मी युवक का नाम रंजीत कर्माकर है. आरोप है कि उसके करीबी दोस्तों ने ही उसके शरीर पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी. आरोपियों में सुमन बनर्जी उर्फ बागान, सुशांत दास और सागर नाम के तीन युवक शामिल हैं. घटना बुधवार की रात काली प्रतिमा विसर्जन के बाद हुई. स्थानीय सूत्रों के अनुसार, विसर्जन के बाद किसी निजी बात को लेकर दोस्तों के बीच झगड़ा हो गया. देखते ही देखते झगड़े ने गंभीर रूप ले लिया. आरोप है कि आरोपियों ने आवेश में आकर रंजीत पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी. कुछ ही पलों में रंजीत का लगभग 20 प्रतिशत शरीर आग में जल गया. स्थानीय निवासी उसकी चीख सुनकर पहुंचे. उन्होंने आग बुझाने की कोशिश की और रंजीत को तुरंत दमदम नगर पालिका के अस्पताल ले गये. उसकी हालत बिगड़ने पर उसे बाद में आरजी कर अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर हालत में उसका इलाज चल रहा है. इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गयी है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि तीनों आरोपी दोस्त के इलाके के ही रहने वाले हैं. नागेरबाजार थाने की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं. पुलिस उनकी तलाश कर रही है. इस नृशंस घटना से भयभीत स्थानीय निवासियों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है. प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि यह नृशंस घटना आपसी विवाद के कारण हुई. वहीं, घटना को लेकर वार्ड नंबर 11 के पार्षद मृणमय दास ने कहा कि प्रतिमा विसर्जन के बाद कार का तेल खत्म हो गया और दूसरी कार से तेल निकाल कर कार में डालते समय असावधानीवश सिगरेट से आग लग गयी, जिससे यह घटना हुई है, इसका और कोई संबंध नहीं है. हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GANESH MAHTO

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >